Pune Crime News: साइबर ठगी की घटना हर दिन बढ़ती जा रही हैं। अक्सर शातिर ठग मासूम लोगों को अपना शिकार बनाते रहते हैं। अब पुणे में एक 51 साल की गृहिणी के साथ कुरियर भेजने वाली लड़की ने ठगी कर लाखों रुपये का चूना लगा दिया है। घटना पुणे के हडपसर थाना क्षेत्र की है। पीड़ित महिला ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया है कि, शातिर महिला ठग ने उसे बताया कि, विदेश से महिला के दोस्त ने उसके नाम का पार्सल भेजा है। सीमा शुल्क और जीएसटी के नाम पर उसके साथ 6.6 लाख रुपये की ठगी की है।
घटना 20 से 26 अक्टूबर के बीच हुई है। मामले पर हडपसर पुलिस थाने के सहायक निरीक्षक संतोष डांगे ने शनिवार को बताया है कि, एक व्यवसायी की पत्नी सोशल नेटवर्किंग साइट पर यूके में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ संपर्क में आई, दोनों बहुत जल्द अच्छे दोस्त बन गए।
इस तरह दिया घटना को अंजाम
संतोष डांगे ने बताया है कि, दोस्त ने महिला को फोन कर कहा कि, उसने उसके पुणे वाले घर पर ज्वेलरी का एक पार्सल भेजा था। बाद में पीड़िता को एक महिला का फोन आया, जिसने अपना परिचय सीमा शुल्क अधिकारी के रूप में दिया। फोन करने वाली महिला ने पीड़िता को सूचित किया कि, कुछ शुल्क का भुगतान नहीं करने की वजह से दिल्ली हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसके पार्सल को जब्त कर लिया है। इसके बाद आरोपी महिला ने पीड़िता को जीएसटी शुल्क का भुगतान करने के लिए कहा ताकि वह उसका पार्सल सही सलामत उसके घर भिजवा सके।
महिला के बैंक खाते से किए 6.60 रुपये ट्रांसफर
जीएसटी सहित अन्य शुल्क का भुगतान करने के चक्कर में महिला के बैंक खाते से ठगों ने 6.60 रुपये ट्रांसफर कर लिए। सभी शुल्क का भुगतान करने के बाद जब महिला को पार्सल नहीं मिला तो उसके पता चल गया कि, उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया और ठगी का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने धोखाधड़ी के संबंध में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
