Pune Crime News: पुणे क्राइम ब्रांच के एंटी एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) को रविवार को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच की टीम ने कुख्यात बदमाश गजानन को गिरफ्तार कर लिया है। गजानन को पुणे के वाई के सतारा से गिरफ्तार किया है। उस पर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज था, जिसमें क्राइम ब्रांच और पुणे पुलिस की टीम तलाश कर रही थी। पुलिस ने बताया कि, गजानन ने एक बिजनेसमैन के साथ व्यापार में 4 करोड़ का निवेश किया था और फिर वह बिजनेसमैन से ही 20 करोड़ रुपये की जबरन वसूली कर रहा था।
घटना उस वक्त सामने आई जब पीड़ित ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया है कि, 20 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला प्रकाश बांदीवाडेकर भी शामिल है।
क्राइम ब्रांच ने ऐसे किया गिरफ्तार
मामले पर पुलिस ने विस्तार में जानकारी देते हुए कहा है कि, आरोपी गजानन ने शेयरों में निवेश करने वाले एक कारोबारी को अगवा कर लिया था। जिसके बाद उससे रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने बताया है कि, इस पूरे मामले में कुल चौदह लोगों पर मामला दर्ज किया गया है, जबकि प्रकाश बांदीवाडेकर इस मामले में पंद्रहवां आरोपी है। क्राइम ब्रांच ने शातिर गजानन को उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह अपने वकील के पास जा रहा था।
मकोका के तहत भी एक मामला दर्ज
पुलिस ने कहा है कि, गजानन कानूनी सलाह लेने के लिए वकील विजयसिंह थोंबरे के फार्म हाउस जा रहा था। तभी क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने उसके मौका देखकर हिरासत में ले लिया। आपको बता दें कि, गजानन का नामी बदमाश है। उस पर कई मामले दर्ज है। गजानन पर इससे पहले मकोका के तहत भी एक मामला दर्ज किया गया था जब उसके समर्थकों ने तलोजा जेल से उसे रिहा होने पर मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक विशाल रैली की थी।
