टेक एंड गैजेट्स

APK फाइल के जरिए 20 करोड़ रुपये की ठगी, दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगों के बड़े गिरोह का किया भंडाफोड़

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने देशभर में 22 हजार से ज्यादा लोगों को निशाना बनाया और 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। इस मामले में पुलिस ने झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Image

सोशल मीडिया इस्तेमाल करते समय आपको बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। (फोटो क्रेडिट-AI Image)

टेक्नोलॉजी ने हमारी लाइफ को बेहद आसान बना दिया है। स्मार्टफोन और इंटरनेट ने करोड़ों लोगों को बड़ी सहूलियत दी है। हालांकि इससे कुछ नुकसान भी सामने आए हैं। जब से इंटरनेट और स्मार्टफोन की पहुंच बढ़ी है तब से साइबर क्राइम के मामले भी तेजी से सामने आए हैं। साइबर क्रिमिनल्स लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके तलाश रहे हैं। इसी मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की तरफ से एक बड़े साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। यह गिरोह लोगों को खतरनाक APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनके बैंक खातों से पैसे चुरा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने देशभर में 22 हजार से ज्यादा लोगों को निशाना बनाया और 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। इस मामले में पुलिस ने झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड की उम्र 20 साल से भी कम है।

कम उम्र के लड़के चला रहे थे ठगी का पूरा खेल

वेस्ट दिल्ली के DCP हरेश्वर वी. स्वामी के मुताबिक, करण और दीपेश इस गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड थे। दोनों ही खतरनाक APK फाइलें तैयार करते थे। करण ने 12वीं तक पढ़ाई की है, जबकि दीपेश BCA की पढ़ाई कर रहा है। दोनों ने इंटरनेट के जरिए सोशल इंजीनियरिंग, दूसरे लोगों की पहचान बनाकर ठगी करना और APK फाइलें तैयार करना सीखा था।

पुलिस के मुताबिक, इन दोनों ने देशभर में 22 हजार से ज्यादा लोगों को APK फाइल डाउनलोड करने के लिए झांसा दिया। इनमें से करीब 2 हजार लोगों ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने ऐसी फाइलें तैयार की थीं, जिन्हें पकड़ना काफी मुश्किल था।

WhatsApp पर भेजते थे खतरनाक APK फाइलें

जांच में सामने आया कि आरोपी खासतौर पर बुजुर्गों को अपना निशाना बनाते थे। वे खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन या WhatsApp मैसेज करते थे। इसके बाद बैंकिंग सेवाओं, बिजली बिल या गैस कनेक्शन से जुड़ी परेशानी दूर करने का भरोसा देते थे। लोगों से कहा जाता था कि वेरिफिकेशन या जरूरी अपडेट के लिए एक ऐप डाउनलोड करना होगा। इसी बहाने उन्हें APK फाइल भेजी जाती थी। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को अपने फोन में इंस्टॉल करता, आरोपियों को उसके मोबाइल का संवेदनशील डेटा मिलने लगता था।

इसमें बैंकिंग से जुड़ी जानकारी, यूजर आईडी, पासवर्ड, SMS, OTP, कॉल लॉग, निजी जानकारियां और फोन की गैलरी में मौजूद तस्वीरें तक शामिल थीं। इस जानकारी का इस्तेमाल करके आरोपी पीड़ितों के बैंक खातों तक पहुंच जाते थे और उनके पैसे निकाल लेते थे।

चोरी के पैसों से मंगवाते थे मोबाइल और चांदी के सिक्के

बैंक खातों से पैसे निकालने के बाद आरोपी उस रकम से महंगे सामान खरीदते थे। पुलिस के मुताबिक, ठगी के पैसों से Swiggy और Amazon जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए स्मार्टफोन और चांदी के सिक्के मंगवाए जाते थे। इस पूरे गिरोह में कई स्तरों पर लोग काम कर रहे थे। सबसे पहले APK फाइल बनाने वाले डेवलपर्स ने एक ऐसा ऑनलाइन पैनल तैयार किया था, जिसके जरिए अलग-अलग यूजर आईडी और पासवर्ड से इन फाइलों को बनाया और इस्तेमाल किया जा सकता था।

इसके बाद इस पैनल का एक्सेस दूसरे लोगों को दिया जाता था। ये लोग आगे सब-डिस्ट्रीब्यूटर्स का नेटवर्क बनाते थे और उन्हें हर महीने किराए पर यह सुविधा देते थे। सब-डिस्ट्रीब्यूटर्स अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग नाम और डिजाइन वाली APK फाइलें तैयार करवाते थे। फिर लोगों को झांसे में लेकर उन्हें डाउनलोड करवाते थे।

1300 से ज्यादा शिकायतों के बाद शुरू हुई जांच

पुलिस अधिकारियों को पिछले तीन महीनों में बैंक खाते हैक होने और APK फाइलों के जरिए ठगी की 1300 से ज्यादा शिकायतें मिली थीं। इसके बाद वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों का विश्लेषण किया। इसके साथ ही गिरोह से जुड़ी 32 APK फाइलों और 56 Telegram प्रोफाइल की भी जांच की गई।

आरोपियों तक पहुंचने के लिए 64 पुलिसकर्मियों की सात टीमें बनाई गईं। इन टीमों ने अलग-अलग राज्यों में जाकर 19 जगहों पर छापेमारी की। पुलिस ने पहले आरोपियों की पहचान की, उनके ठिकानों का पता लगाया और फिर एक साथ कार्रवाई की।

चार राज्यों में छापेमारी, 22 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 11 से 15 नवंबर के बीच झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में छापेमारी की। इस कार्रवाई में गिरोह के 11 अलग-अलग समूहों से जुड़े 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई की सबसे बड़ी सफलता गिरोह के मुख्य डेवलपर्स को पकड़ना रहा है।

गिरफ्तारी के बाद कम हुईं साइबर ठगी की शिकायतें

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद APK फाइलों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतों में कमी आई है। पहले ऐसी शिकायतों की संख्या करीब 1400 थी, जो घटकर 724 रह गई है। 23 नवंबर 2026 को पुलिस कमिश्नर ने वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस की इस कार्रवाई की तारीफ की और पूरी टीम को नकद इनाम देने का ऐलान किया। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के मुख्य लोगों की गिरफ्तारी से देशभर में चल रहे APK फ्रॉड के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article