Noida Gas Cylinder Blast: नोएडा के जेवर में सोमवार को हुए सिलेंडर ब्लास्ट हादसे में पुलिस ने गैस आपूर्तिकर्ता कंपनी और संबंधित गैस एजेंसी के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी और दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए थे। बताया जा रहा है कि घर में आठ दिन बाद बेटी की शादी थी और मकान में 23 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। मामले की जांच की जा रही है।
गैस लीकेज के बाद फटा सिलेंडर
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, 23 नवंबर को दयानतपुर गांव के एक घर में एलपीजी सिलेंडर से गैस लीकेज के कारण आग लग गई। इसके बाद सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और घर में तेजी से लपटें फैल गईं। हादसे में घर में मौजूद वीरपाल सिंह (56) और उनके बेटे अभिषेक (24) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल और उनका दो वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
गैस कंपनी और एजेंसी के अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग
इस मामले में गांव के निवासी कुशल पाल सिंह ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने गैस की आपूर्ति करने वाली कंपनी, संबंधित गैस एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत गैस आपूर्तिकर्ता कंपनी और गैस एजेंसी के अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आठ दिन बाद होनी थी बेटी की शादी
शिकायतकर्ता कुशल पाल के अनुसार, जिस घर में सिलेंडर फटने की घटना हुई, वहां आठ दिन बाद बेटी की शादी होने वाली थी। शादी की तैयारियों के लिए घर में 23 LPG सिलेंडर रखे गए थे। डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस इस दुर्घटना की जांच कर रही है।
