शहर

पुणे में 4 साल की मासूम के साथ दरिंदगी के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार; लोगों में भारी आक्रोश

Pune Crime News: पुणे के भोर तालुका के नसरापुर गांव में चार साल की बच्ची की हत्या की दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोपी को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।

Pune Crime News: महाराष्ट्र के भोर (Bhor) तालुका के नसरापुर गांव से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां चार साल की एक मासूम बच्ची के साथ गंभीर अपराध के बाद उसकी हत्या (Bhor murder case) कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बच्ची शुक्रवार को अपने घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान गांव के ही एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर पास के एक पशु बाड़े में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की और बाद में उसकी जान ले ली।

पशु बाड़े में मिला मासूम का शव

इसके बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए गोबर के ढेर के नीचे दबा दिया। दोपहर में जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव के लोगों ने भी खोज में मदद की। काफी तलाश के बाद बाड़े के अंदर बच्ची का शव मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गांव के लोगों में भारी गुस्सा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्ची अपनी छुट्टियां बिताने के लिए अपनी दादी के घर आई हुई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव के लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस थाने के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी इस मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दे रहे हैं। यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करती है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article