Pune Ganeshotsav 2026: दक्षिणी कमान के GOC-in-C लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर और स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने पुणे में गणपति बप्पा के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान NCP (SP) नेता रोहित पवार भी गणेश मंडल पहुंचे। इन प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी के बीच बप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
दर्शन के बाद लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने पुणे के गणेशोत्सव के अनुभव को खास और यादगार बताया। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद अच्छा और धन्य महसूस हो रहा है। उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों में त्योहार मनाने की विविध परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि पुणे का गणेशोत्सव अपने आप में एक शानदार अनुभव है। लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर के लिए यह दौरा केवल धार्मिक आस्था और बप्पा के दर्शन तक सीमित नहीं रहा। इस दौरान उन्हें पुणे की उस जीवंत सार्वजनिक परंपरा को करीब से देखने का अवसर भी मिला, जिसने गणेशोत्सव को शहर की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा बना दिया है।
साइना नेहवाल ने कही ये बात
साइना नेहवाल ने बप्पा के सामने माथा टेकने के बाद पुणे से अपने पुराने रिश्ते को याद किया। उन्होंने कहा कि शहर उनके खेल करियर की कई महत्वपूर्ण यादों से जुड़ा है। साइना ने कहा, "पुणे मेरे सफर का एक खास हिस्सा है। यहां से मेरी बहुत सी यादें जुड़ी हैं, जिसमें वर्ल्ड चैंपियन बनना और कॉमनवेल्थ गेम्स जीतना भी शामिल है। हमें एकजुट रहना चाहिए, अपनी परंपराओं को सहेजना चाहिए और युवा खिलाड़ियों का समर्थन करना चाहिए।" खेल और युवाओं की बात करते हुए साइना ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी में काफी क्षमता है, लेकिन उसे सही माहौल और अवसर की जरूरत है।
उन्होंने कहा, "युवा देश का भविष्य हैं। माता-पिता के सही सहयोग, बेहतर अवसर और मजबूत स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ हमारी युवा पीढ़ी बहुत कुछ हासिल कर सकती है और भारत का नाम दुनिया में और रोशन कर सकती है।" साइना ने भारत के खेल ढांचे को और मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश भविष्य में ओलंपिक की मेजबानी की दिशा में आगे बढ़ेगा। उनके मुताबिक, मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए लगातार काम करना होगा।इस बीच रोहित पवार ने गणेशोत्सव के मौके पर अजित पवार का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “इस गणेशोत्सव में हमें अजित पवार की कमी महसूस हुई। मुझे उम्मीद है कि उन्हें जल्द न्याय मिलेगा। मैंने सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे किसानों और MPSC छात्रों के लिए भी प्रार्थना की है।”
भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं पर भी खास ध्यान
मंडल में उमड़ी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं पर भी खास ध्यान दिया गया। श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति मंडल के फेस्टिवल हेड पुनीत बालन ने कहा, "कई सेलिब्रिटी और VVIP यहां बप्पा के दर्शन और आशीर्वाद लेने आ रहे हैं। लोगों की आस्था बप्पा में है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को देखते हुए हमने उनकी सुविधा के लिए कई इंतजाम किए हैं और पूरे गणेशोत्सव का प्रबंधन व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है।" भाऊसाहेब रंगारी गणपति की ऐतिहासिक पहचान भी इस आयोजन को खास बनाती है। मंडल की जानकारी के मुताबिक, 1892 में श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी ने सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत की थी। 2026 में मंडल 135वें वर्ष का उत्सव मना रहा है। यही वजह है कि गणेशोत्सव के दौरान यहां आम श्रद्धालुओं के साथ देश-विदेश से आने वाले लोगों का भी ध्यान रहता है। शनिवार को पुष्कर, साइना नेहवाल और रोहित पवार की मौजूदगी ने इस ऐतिहासिक गणपति दरबार में उत्सव का माहौल और खास बना दिया।
