शहर

पुणे एयरपोर्ट पर 26 करोड़ का गांजा जब्त, खाने के डिब्बों में छिपी थी नशे की खेप

पुणे एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने थाईलैंड से लाए गए करोड़ों के हाइड्रोपोनिक गांजा को जब्त किया है। इसे खाने के सामान में छिपाकर लाया गया था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। हाल के महीनों में इस तरह की तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।

Image

पुणे एयरपोर्ट पर करोड़ों का गांजा पकड़ा गया

Pune News: पुणे एयरपोर्ट पर एक बार फिर ड्रग तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां कस्टम विभाग ने सतर्कता दिखाते हुए करोड़ों रुपये के हाइड्रोपोनिक गांजा को जब्त किया। इसे थाईलैंड से छिपाकर भारत लाया गया था। कस्टम विभाग ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद मामले में आगे की जांच की जा रही है।

खाने के डिब्बों में छिपाकर भारत लाया गया गांजा

अधिकारियों के अनुसार, पुणे एयरपोर्ट से कुल 76.58 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़ा गया है। इंटरनेशनल ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत लगभग 26.80 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह प्रतिबंधित ड्रग्स खाने के सामान के डिब्बों में छिपाकर थाईलेंड से यहां लाया गया था।

आरोपी से पूछताछ की जा रही

कस्टम अधिकारियों को जांच के दौरान यह खेप उस समय मिली, जब वे थाईलैंड से आए इंपोर्टेड खाने के सामान की जांच कर रहे थे। खास बात यह है कि इन सामानों को चीन में निर्मित बताया गया था। जिसकी गहन जांच के बाद अंदर से गांजा बरामद हुआ। इस मामले में कस्टम विभाग ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह तस्करी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है।

पुणे एयरपोर्ट पर बढ़े गांजा तस्करी के मामले

पिछले कुछ महीनों में पुणे एयरपोर्ट पर इस तरह की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। खासतौर पर थाईलैंड से हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी के कई मामले सामने आए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। पिछले कुछ महीनों में ऐसी तस्करी के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। लेकिन ये मादक पदार्थ शहर में किन लोगों तक पहुंचाया जाता है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!