PrayagraJ News: प्रयागराज के नैनी रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी वह फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गिर गया। इस हादसे के दौरान ड्यूटी पर तैनात प्वाइंट्समैन में सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए यात्री को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
कामायनी एक्सप्रेस के नीचे आने से बचा यात्री
यह हादसा शनिवार शाम को करीब 4 बजे नैनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हुआ। जहां से गाड़ी संख्या 11071 कामायनी एक्सप्रेस प्रयागराज की ओर जा रही थी। ट्रेन प्लेटफॉर्म से चल चुकी थी और धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी। तभी एक यात्री ट्रेन पकड़ने की कोशिश में दौड़ते हुए आया और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। लेकिन उसका संतुलन बिगड़ने के कारण वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के गैप में गिरने लगा।
घटना का वीडियो आया सामने
प्वाइंट्समैन सूबे सिंह चौधरी हादसे के समय ड्यूटी पर तैनात थे। जब उन्होंने यात्री को गिरते देखा तो बिना देर किए तुरंत छलांग लगाई और यात्री को बाहर खींच लिया। उनकी तत्परता से यात्री की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री भागते हुए ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश करते हुए नजर आ रहा है और सूबे सिंह ट्रेन को फ्लैग दिखा रहे हैं, जैसे ही उनकी नजर गिरते हुए यात्री पर पड़ती है वे तुरंत उसकी ओर भागते और यात्री को ऊपर खींचते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे हैं।
स्पेशल ड्यूटी पर प्रयागराज में तैनात हैं सूबे सिंह
बता दें कि सूबे सिंह बीकानेर मंडल के कर्मचारी हैं। वे माघ मेले के दौरान स्पेशल ड्यूटी पर प्रयागराज में तैनात हैं। सूबे सिंह के इस साहस और सूझबूझ की मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल और वरिष्ठ डीओएम अकांशु गोविल ने सराहना भी की।
