Prayagraj: आगामी नव वर्ष 2023 में त्रिवेणी संगम नगरी प्रयागराज की तस्वीर बदलेगी। महाकुंभ-2025 के चलते आला अधिकारियों की हुई बैठक में 150 से अधिक लंबे समय के प्रोजेक्ट के प्रपोजल्स को अंतिम रूप दिया गया है। बता दें कि, 2.5 हजार करोड़ रुपए खर्च कर शहर में विकास को पंख लगेंगे, जिसमें 5 आरओबी भी शामिल किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब इन परियोजनाओं को सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद बजट स्वीकृत होते ही नए वर्ष में निर्माण कार्य आरंभ करवा दिए जाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2024 के अक्टूबर माह तक इन परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक महाकुंभ के लिए प्रस्तावित दो वर्ष से अधिक समय लेने वाली दीर्घकालिक परियोजनाओं पर अगले वर्ष जनवरी से ही काम शुरू कराने के लिए कहा गया। बैठक में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, एडीएम कुंभ दयानंद प्रसाद, मेलाधिकारी अरविंद चौहान, नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग सानिवि के एसई केके पाहूजा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
