Prayagraj Tourist Places: प्रयागराज भारत के सबसे धार्मिक शहरों में से एक है। यह यूपी का सबसे बड़ा शहर है। यह शहर कई कारणों से जाना जाता है, उनमें से एक हैं, तीन नदियां। यहां गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम का बिंदु है। कुंभ मेले से लेकर इलाहाबाद संग्रहालय तक, ऐतिहासिक चमत्कारों से लेकर यहां शानदार वास्तुकला है। प्रयागराज में घूमने के लिए बहुत सारी ऐसी जगहें हैं जहां आपका शानदार दिन बीतेगा। यह स्थान आपको अपनी तरफ आकर्षित जरूर कर लेंगे। चलिए आपको प्रयागराज की कुछ मशहूर जगहों के बारे में बताते हैं।
इलाहाबाद का प्रसिद्ध संग्रहालय
इलाहाबाद संग्रहालय प्रसिद्ध चंद्रशेखर आजाद पार्क में है। यह भारत में राष्ट्रीय स्तर के संग्रहालयों में से एक माना जाता है। संग्रहालय में कुछ अद्भुत कलाकृतियां हैं, जो कला, इतिहास, पुरातत्व, साहित्य और पर्यावरण से संबंधित हैं। इन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को आकार देने में सहायता की। रॉक मूर्तियां, राजस्थान से लघु चित्र, कौशाम्बी से टेराकोटा, बंगाल स्कूल ऑफ आर्ट से साहित्य और कलाकृति इलाहाबाद संग्रहालय में मुख्य आकर्षण हैं। इलाहाबाद संग्रहालय प्रयागराज में घूमने के लिए सबसे अच्छे स्थानों में से एक है। यहां आपको भारतीय इतिहास के रत्नों से भरा खजाना मिलेगा।
न्यू यमुना ब्रिज केबल स्टे ब्रिज
प्रयागराज में न्यू यमुना ब्रिज एक केबल-स्टे ब्रिज है। यह ब्रिज को पुराने नैनी ब्रिज पर यातायात के दवाब को कम करने के लिए यमुना नदी पर साल 2004 में बनाया था। न्यू यमुना ब्रिज को नैनी ब्रिज के नाम से भी लोग जानते हैं। नया यमुना ब्रिज आधुनिक डिजाइन की वजह से हर किसी को आकर्षित करता है। यमुना ब्रिज लंबाई में 1510 मीटर से अधिक है। इसमें कंक्रीट के बने दो पिलर भी हैं, जो स्टील केबलों के जरिए इस ब्रिज की छत को सहारा देते हैं। यदि आप प्रयागराज में हैं और त्रिवेणी संगम का व्यापक दृश्य देखना चाहते हैं तो शाम के समय इस ब्रिज पर आपको जाना चाहिए।
प्रयागराज का मिंटो पार्क
प्रयागराज का मिंटो पार्क घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है। यह प्रयागराज में यमुना नदी के किनारे बनाया गया है। यह एक हरा-भरा पार्क है। पार्क को पहले मदन मोहन मालवीय पार्क के नाम से जाना जाता था। पार्क का मुख्य आकर्षण सफेद पत्थर की चार शेर की मूर्तियां हैं, 1910 में अर्ल ऑफ मिंटो द्वारा यह स्थापित की गई थीं। मिंटो पार्क वह स्थान था जहां भारत को ईस्ट इंडिया कंपनी से अंग्रेजों के लिए स्थानांतरित कॉलोनी घोषित किया गया था।
प्रयागराज का फन गांव वाटर पार्क
प्रयागराज में फन गांव वाटर पार्क ऐसा पार्क है, जहां पर आप कई तरह की वाटर एक्टिविटी को एंजॉय कर सकते है। फन गांव वाटर पार्क प्रयागराज के सबसे सुंदर और प्रमुख वाटर पार्क में से एक है। यह कौशांबी रोड पर स्थित है। यहां पर शाम के समय म्यूजिकल फाउंटेन शो और लेजर लाइट शो का कार्यक्रम भी होता है। यह पर्यटकों को काफी पसंद आता है।
