प्रयागराज

Prayagraj: जामिया हबीबिया मदरसे में छापे जा रहे थे जाली नोट, RSS को बताते थे आतंकवादी संगठन, PDA ने कर दिया सील

प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने मदरसा जामिया हबीबिया मस्जिदे आजम को सील कर दिया है। मदरसे में जाली नोट छापे जाने का खुलासा हुआ है।

Image

मदरसा जामिया हबीबिया सील

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

प्रयागराज: अतरसुइया स्थित एक मदरसे में जाली नोट छापे जाने का खुलासा होने और आरएसएस की तुलना आतंकवादी संगठन से करने वाली एक पुस्तक मिलने के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने मदरसे को बुधवार को सील कर दिया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को अतरसुइया स्थित मदरसा जामिया हबीबिया मस्जिदे आजम को सील कर दिया गया, क्योंकि यह अनधिकृत था। पुलिस को 28 अगस्त को दबिश के दौरान इस मदरसे से महाराष्ट्र के पूर्व आईजी एसएम मुशरिफ की किताब “आरएसएस देश का सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन” बरामद हुई थी जो उर्दू में लिखी थी।

आरएसएस देश का सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन बताया

प्रयागराज पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पुलिस की दबिश में नकली नोटों के अलावा एक किताब भी मिली थी जिसका उर्दू से हिंदी में अनुवाद कराने पर पता चला कि वह एसएम मुशरिफ द्वारा “आरएसएस देश का सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन” शीर्षक से लिखी किताब है। पुलिस का मानना है कि मदरसे का मौलवी मोहम्मद तफसीरुल आरिफीन इस किताब के जरिए आरएसएस के खिलाफ “बच्चों के मन में जहर भरने” का काम करता था। इसी मामले में एलआईयू और एटीएस की टीम ने मंगलवार को मदरसे के कर्मचारियों से पूछताछ की थी।

मदरसे के कर्मचारियों और छात्रों से पूछताछ

स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को एटीएस और एलआईयू की टीमों ने मदरसा जामिया हबीबिया मस्जिदे आजम जाकर मदरसे के कर्मचारियों और छात्रों से पूछताछ की। हालांकि इस पूछताछ में कोई महत्वपूर्ण तथ्य निकलकर सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि नकली नोट छापने के मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के लिए पुलिस जल्द ही उन्हें रिमांड पर लेने के लिए अदालत में अर्जी दाखिल करेगी। मदरसे के कर्मचारियों और छात्रों ने नकली नोट छापे जाने की जानकारी होने से इनकार किया। गत 28 अगस्त को प्रयागराज पुलिस ने जाली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article