Atiq Ahmad : एक सोशल मीडिया पोस्ट में गैंगस्टर अतीक अहमद की हत्या का 'बदला' लेने की बात कहने पर प्रयागराज के साइबर क्राइम स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मोहम्मद आलमगीर की शिकायत पर प्रयागराज पुलिस ने 'सज्जाद मुगल' नाम के एक ट्विटर हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि उसने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। ट्वीट में कहा गया है कि अतीक के बेटे अभी भी जिंदा हैं।
ट्वीट के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
'द सज्जाद मुगल' हैंडल से पोस्ट ट्वीट में कहा गया है, 'अतीक का वंश अभी खत्म नहीं हुआ है। अतीक का बेटा अली अभी भी जिंदा है। इंशा अल्ला, हालात, समय, सत्ता बदलेगा। यह शहर इलाहाबाद कहा जाएगा। बदला लिया जाएगा।'
गत 15 अप्रैल को हुई अतीक, अशरफ की हत्या
बता दें कि गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या गत 15 अप्रैल की रात उस वक्त कर दी गई जब उन्हें मेडिकल चेक-अप के लिए अस्पताल लाया गया था। तीन हमलावरों ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में अतीक एवं अशरफ दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों हमलावर अरुण मौर्य, सनी सिंह और लवलेश तिवारी न्यायिक हिरासत में हैं।
अतीक का एक बेटा नैनी, दूसरा लखनऊ जेल में बंद है
साइबर अपराध थाना प्रभारी राजीव कुमार तिवारी ने इस ट्विटर यूजर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 505 (2) और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2005 की धारा 66 के तहत 29 अप्रैल, 2023 को प्राथमिकी दर्ज की गई। अतीक का एक बेटा अली नैनी केंद्रीय जेल, जबकि दूसरा बेटा उमर लखनऊ की जेल में बंद है। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है, जबकि इसी हत्याकांड में नामजद एक बेटे असद की पुलिस मुठभेड़ में मृत्यु हो गई थी।
