प्रयागराज

Mahakumbh: श्रद्धालुओं को आग से बचाने के लिए स्पेशल इंतजाम, पहली बार महाकुंभ में तैनात होंगे फायर कमांडो

Mahakumbh: प्रयागराज में अगले साल लगने वाले महाकुंभ मेले की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। श्रद्धालुओं को आग से बचाने के लिए पहली बार फायर कमांडो की तैनाती की जा रही है। ये फायर कमांडो किसी भी आग लगने की घटना में तेजी से रिस्पॉन्स करेंगे।

Image

फाइल फोटो।

Photo : ANI

Mahakumbh: संगम के तट पर लगने जा रहे विश्व के सबसे बड़े सनातनी मेले ‘महाकुंभ’ में पहली बार 200 ‘फायर कमांडो’ तैनात किए जा रहे हैं, जिन्हें लोगों की आग से रक्षा के लिए विशेष तौर पर प्रशिक्षित किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) (अग्निशमन) पद्मजा चौहान ने बताया कि महाकुंभ में पहली बार विशेष रूप से प्रशिक्षित बचाव समूह (एसटीआरजी) बनाया गया है, जिसमें 200 कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। यह समूह, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की तर्ज पर बनाया गया है।

हैदराबाद में दी गई ट्रेनिंग

चौहान ने बताया कि इन कर्मचारियों को एनडीआरएफ और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), हैदराबाद द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इन कर्मचारियों को अति संवेदनशील जोन में तैनात किया जाएगा। ये किसी भी आपदा से निपटने में सक्षम हैं। इसके तहत 10-10 लोगों के 20 समूह बनाए गए हैं।

मेले में रोबोटिक फायर टेंडर का भी इस्तेमाल

एडीजी अग्निशमन ने बताया कि मेले में पहली बार तीन ‘रोबोटिक फायर टेंडर’ इस्तेमाल में लाए जा रहे हैं जो ऐसी जगह भी पहुंचकर आग बुझाने में सक्षम हैं जहां दमकलकर्मी नहीं पहुंच सकते। इन ‘रोबोटिक फायर टेंडर’ का वजन 20-25 किलोग्राम के आसपास है जिससे इन्हें कहीं भी आसानी से उठाकर ले जाया जा सकता है। ये सीढ़ियों पर भी चढ़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि महाकुंभ में पहली बार ‘आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर’ का भी इस्तेमाल किया जा रहा है जो 35 मीटर की ऊंचाई से पानी की बौछार से आग बुझाने में सक्षम है। इसमें लगा हाईटेक कैमरा ऊपर से उन स्थानों का दृश्य दिखाता है जहां आग लगी है।

मेले में रोज होगा फायर ऑडिट

चौहान ने बताया, ‘‘हमारा जोर इस बात पर है कि मेले में कहीं भी आग लगे ही ना। इसके लिए दैनिक आधार पर ‘फायर ऑडिट’ किया जाएगा। साथ ही सफाई कर्मियों से हर शिविर की रिपोर्ट ली जाएगी कि कहीं किसी शिविर में ब्लोअर, इमर्सन रॉड आदि का इस्तेमाल तो नहीं हो रहा।’’

उन्होंने बताया कि सरकार महाकुंभ में अग्नि से सुरक्षा को लेकर कितनी सजग है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले कुंभ के लिए अग्निशमन विभाग को महज छह करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ था जबकि महाकुंभ के लिए 67 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

इनपुटः भाषा

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article