शहर

प्रतापगढ़ में ढहा 100 साल पुराना मकान, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के बीच एक जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और प्रशासन राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं।

Image

प्रतापगढ़ में मकान ढहने से दर्दनाक हादसा

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक शख्स गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

रात दो बजे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात यह हादसा हुआ। पुलिस को रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि महुली मोहल्ले में प्रमोद श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति का पुराना मकान ढह गया है। हादसे के समय प्रमोद श्रीवास्तव अपने परिवार के छह अन्य सदस्यों के साथ एक ही कमरे में सो रहे थे।

मलबे में दबे परिवार के सदस्य

मकान की छत अचानक ढहने से परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए। इस दौरान एक बेटा किसी तरह बचकर सुरक्षित बाहर निकल गया, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य मलबे में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस और फायर टीम ने मलबा हटाकर सभी छह लोगों बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं।

बारिश और जर्जर मकान बना हादसे की वजह

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार मकान लगभग 100 साल पुराना और बेहद जर्जर हालत में था। लगातार बारिश के कारण छत पर पानी भी भर गया था, जिससे उसकी मजबूती कमजोर हो गई और छत रात में अचानक गिर गई। शुरुआती जांच में यही हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है।

जांच में जुटा प्रशासन

घटना के बाद सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article