शहर

'भाजपा का गढ़ अब कमजोर', बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, बोले-लालू के डर से मिलते थे वोट

Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी उम्मीदवार तक नहीं खोज पा रही है। उन्होंने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए और दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है।

Image

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा हमला

Photo : ANI

Bankipur Bypoll: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। अब जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि पार्टी को अपने उम्मीदवार बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की ताकत है और अब जनता जाति, धर्म और पारंपरिक राजनीति से ऊपर उठकर फैसला लेने लगी है। प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस बांकीपुर सीट को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता था, आज वहीं पार्टी को उम्मीदवार तलाशने में परेशानी हो रही है।

उनके मुताबिक, इससे साफ है कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और मौजूदा सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार जनता से बदलाव के नाम पर वोट मांगे गए थे, लेकिन चुनाव जीतने के बाद लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि कई लोगों के राशन कार्ड से नाम काट दिए गए हैं, छात्रों को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है, गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं और मानसून शुरू होने के बावजूद नालों की सफाई तक नहीं हुई है।

राजद से नाराजगी के कारण BJP को मिली थी जीत-प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि भाजपा को पहले जो समर्थन मिला, वह उसके कामकाज की वजह से नहीं बल्कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) के प्रति लोगों की नाराजगी के कारण था। उनका दावा है कि अब लोगों के सामने नया राजनीतिक विकल्प मौजूद है, इसलिए भाजपा को अपनी स्थिति कमजोर होती दिखाई दे रही है। दरअसल, भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव (Bankipur Upchunav) के लिए पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया।

नीरज कुमार सिन्हा ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें संगठन और जनता दोनों का पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा बांकीपुर सीट पर बड़ी जीत दर्ज करेगी। गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है। इन सीटों पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article