IRCTC Scam: आईआरसीटीसी (IRCTC) घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव की उन याचिकाओं को खारिज कर दिया है, जिनमें उन्होंने निचली अदालत द्वारा आरोप तय किए जाने के आदेश को चुनौती दी थी।
हाईकोर्ट ने सभी आरोपियों की याचिकाएं कीं खारिज
मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस मामले में दायर सभी याचिकाएं खारिज की जाती हैं और आरोप तय करने का आदेश पूरी तरह बरकरार रहेगा। लालू परिवार के साथ-साथ अदालत ने इस केस से जुड़े अन्य सह-आरोपियों की याचिकाओं को भी खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद अब निचली अदालत (राउज एवेन्यू कोर्ट) में इस मामले की नियमित सुनवाई आगे जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू की विशेष अदालत ने लालू परिवार समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था। इसी फैसले के खिलाफ आरोपियों ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सभी आरोपियों पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने के आरोप तय किए गए हैं। इसके अलावा, उन पर भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।
CBI का मुख्य आरोप
CBI के अनुसार, यह पूरा मामला रेलवे के रांची और पुरी स्थित बीएनआर (BNR) होटलों के रखरखाव व संचालन के टेंडर आवंटन और इसके बदले हुए जमीन के सौदों में बड़े पैमाने पर की गई गड़बड़ी से जुड़ा है।
