Delhi Police Station SOP: हाल ही में मध्य दिल्ली के जामा मस्जिद थाने के भीतर एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर 9 जवानों को घायल कर दिया। करने की गंभीर घटना के बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया है। इस घटना में सामने आई ढिलाई और आतंकी संगठनों की ओर से पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के संभावित खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पुलिस मुख्यालय ने दिल्ली के सभी थानों की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को लेकर एक नया और सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी कर दिया है।
आतंकी खतरे का अलर्ट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस तरह से साधारण पूछताछ के लिए आए शख्स ने थाने के भीतर अचानक हमला बोला, आशंका जताई जा रही है कि आतंकी संगठन भी इसी तर्ज पर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर आत्मघाती हमले करवा सकते हैं। पाकिस्तान समर्थित आतंकी शहजाद भट्टी और पंजाब-आधारित खालिस्तानी आतंकी हैप्पी पासिया लगातार पंजाब और पड़ोसी राज्यों में पुलिस प्रतिष्ठानों, चौकियों और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की साजिश रचते रहे हैं। इस इनपुट के सामने आने के बाद दिल्ली में मौजूद सभी थानों की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से पुख्ता करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
नई SOP: अब इस तरह होगी थानों की सुरक्षा व्यवस्था
थाना स्तर पर सुरक्षा लैप्स को खत्म करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने निम्नलिखित नए नियम अनिवार्य कर दिए हैं:
- चौबीसों घंटे (24/7) हथियारबंद संतरी: हर थाने के मुख्य प्रवेश द्वार पर 24 घंटे राउंड-द-क्लॉक हथियारबंद संतरी की तैनाती रहेगी।
- छोटा गेट एंट्री के लिए, बड़ा गेट सिर्फ वाहनों के लिए: थाने का मुख्य बड़ा गेट अब आम आवाजाही के लिए बंद रहेगा। बड़ा गेट केवल पुलिसकर्मियों की गाड़ियों की एंट्री और एग्जिट के समय ही खुलेगा। आम जनता और आगंतुकों के लिए केवल छोटा साइड गेट इस्तेमाल में लाया जाएगा।
- फ्रिस्किंग और सघन सुरक्षा जांच: थाने में आने वाले किसी भी संदिग्ध या आगंतुक की जरूरत पड़ने पर मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा जांच और शारीरिक तलाशी ली जाएगी। आने का स्पष्ट कारण और पहचान पत्र दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
- इमरजेंसी अलार्म सिस्टम: थाने के ड्यूटी ऑफिसर के टेबल पर एक खास अलार्म बटन या पैनिक सिस्टम लगाया जाएगा, जिसे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत बजाकर परिसर में मौजूद बल को सतर्क किया जा सके।
- इमरजेंसी अफसर रहेंगे लैस: थाने के भीतर ड्यूटी पर तैनात आपातकालीन अधिकारी (Emergency Officers) हमेशा पूरी तरह से हथियारबंद रहेंगे।
- कंट्रोल्ड एरिया में ही होगी मुलाकात: मामलों के जांच अधिकारी (IO) किसी भी शिकायतकर्ता, गवाह या फरियादी से थाने के भीतर कॉमन फैसिलिटेशन डेस्क या तय कंट्रोल्ड एरिया में ही मुलाकात करेंगे। निजी कमरों में अनधिकृत प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
- CCTV फुटेज की लगातार मॉनिटरिंग: थानों के प्रवेश द्वार, बाउंड्री वॉल और परिसर के भीतर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की लाइव फुटेज पर लगातार नजर रखी जाएगी।
दिल्ली में थानों का जाल
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण का जिम्मा संभालने के लिए कुल 194 जिला थाने कार्यरत हैं, जिनमें 15 समर्पित साइबर पुलिस स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा विशेष सुरक्षा और परिवहन तंत्र के लिए 7 रेलवे पुलिस स्टेशन, 16 मेट्रो पुलिस स्टेशन और 2 एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन (IGI) संचालित किए जा रहे हैं।इन सभी इकाइयों के प्रभारियों को नई सुरक्षा SOP का तत्काल प्रभाव से कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
