CM Yogi Kushinagar Speech: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में एक जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी और पूर्ववर्ती सरकारों पर सीधा और तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने सूबे के पुराने दौर और पिछले नौ सालों में हुए बदलावों की तुलना करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास का काम पूरी तरह से ठप पड़ा था। पिछली सरकारों के पास न तो प्रदेश को आगे ले जाने की कोई साफ नीति थी और न ही उनकी ऐसी कोई नीयत थी। इसी वजह से उस दौर में राज्य में कोई भी नया निवेश नहीं आ सका।
कुशीनगर को 525 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे मुख्यमंत्री ने रोजगार और पलायन के मुद्दे पर पिछली सरकारों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, "अगर पहले की सरकारों ने सही मायने में विकास पर ध्यान दिया होता, तो कुशीनगर और पूर्वांचल के युवाओं को अपना घर छोड़कर दूसरे राज्यों में काम की तलाश में भटकना नहीं पड़ता।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '25 साल पुराना मफलर आज भी मेरे पास है...', पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड दौरे पर शेयर किया भावुक किस्सा
उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि आज जब वे लखनऊ में यूपी पुलिस या उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की भर्तियों के सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटते हैं, तो उसमें कुशीनगर के युवाओं को देखकर उनका सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। अब रोजगार सिर्फ नोएडा या गाजियाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि गोरखपुर और कुशीनगर जैसे जिलों तक पहुंच चुका है।
सपा के गुंडों ने लूटा गरीबों का हक
कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर पिछली सरकार (yogi slams samajwadi party) को घेरते हुए योगी आदित्यनाथ ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले की सपा सरकार में गरीबों के हिस्से का राशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के मौके उनके पार्टी के गुंडे हड़प लेते थे, जिससे गरीबों का जीवन नर्क बन गया था। लेकिन आज की डबल इंजन सरकार में गुंडागर्दी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाता। इसी का नतीजा है कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में न तो कोई दंगा हुआ और न ही कभी कर्फ्यू लगाने की नौबत आई। अब लोग हर त्योहार शांति और सुरक्षा के माहौल में मनाते हैं।
मासूमों की मौत पर संवेदनहीन थी पिछली सरकार
मुख्यमंत्री ने उस दर्दनाक दौर को भी याद किया जब यह मौसम आते ही इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार) के कारण हजारों मासूम बच्चे तड़पकर दम तोड़ देते थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ में बैठी सरकार तब संवेदनहीन बनी रही और बच्चों को इलाज के लिए गोरखपुर जाना पड़ता था। इसके अलावा मुसहर समुदाय के लोग भूख से मरने को मजबूर थे। लेकिन आज हमारी सरकार ने इस महामारी को जड़ से खत्म कर दिया है और मुसहर समुदाय को पक्के मकान, जमीन का पट्टा, मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला गैस और बिजली कनेक्शन देकर उनका भविष्य पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है।
