शहर

सिवान में बड़ी कार्रवाई, पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा के दो ठिकानों पर पुलिस की रेड

बिहार के सिवान से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के पुत्र और राजद विधायक ओसामा शहाब के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई डीआईजी निलेश कुमार के नेतृत्व में की जा रही है।

Image

ओसामा शहाब के आवास पर पुलिस की छापेमारी (प्रतीकात्मक फोटो)

Siwan News: बिहार के सिवान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के पुत्र और रघुनाथपुर विधानसभा से राजद विधायक ओसामा शहाब के आवास पर सोमवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की है। नवलपुर स्थित विधायक के घर के साथ-साथ हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर में मौजूद उनके पैतृक आवास पर भी डीआईजी निलेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी में एसपी पूरन कुमार झा के साथ मुफस्सिल और नगर थाना पुलिस भी शामिल है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इन आरोपों के तहत मामला दर्ज

ओसामा शहाब पर चिकित्सक की जमीन पर जबरन कब्जा करने, उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी देने जैसे आरोपों में महादेवा थाना में मामला दर्ज है। इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद से वे फरार बताए जा रहे हैं। इसी के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीआईजी ने जानकारी दी कि यह मामला डॉक्टर की जमीन पर रंगदारी के जरिए कब्जा करने से जुड़ा है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

दो जगहों पर की गई छापेमारी

जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। आरोपियों में विधायक भी शामिल बताए जा रहे हैं। अदालत से वारंट जारी होने के बाद पुलिस द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। यह छापेमारी दो स्थानों पर की जा रही है एक शहर स्थित आवास पर और दूसरी विधायक के पैतृक घर पर। डीआईजी ने बताया कि छापेमारी में क्या बरामद हुआ है, इस पर अभी जांच जारी है और उचित समय पर पूरी जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, दिवंगत शहाबुद्दीन की पांचवीं पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भी सादे कपड़ों में पुलिस तैनात थी, लेकिन ओसामा शहाब उस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article