शहर

4 लाख में थी सेटिंग, रंगे हाथ रिश्वतखोरी करते पकड़ा गया इंस्पेक्टर; दहाड़े मारकर चिल्लाया

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में चार लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के बाद पुलिस इंस्पेक्टर चीखता-चिल्लाता नजर आया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी निरीक्षक पहले ही शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये ले चुका था और शेष चार लाख रुपये लेते समय पकड़ा गया। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।​

Image

रिश्वतखोरी करते पकड़ा गया इंस्पेक्टर

बेंगलुरु में एक पुलिस निरीक्षक को कथित तौर पर चार लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के एक दिन बाद, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ जिसमें आरोपी अधिकारी चीखता-चिल्लाता नजर आ रहा है। वीडियो में वर्दीधारी पुलिस निरीक्षक गोविंदराजु को लोकायुक्त अधिकारियों द्वारा पकड़े देखा जा सकता है, जबकि वह गिरफ्तारी का विरोध करते हुए लगातार चिल्लाता नजर आ रहा है।

चार लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस कर्मी के.पी. अग्रहारा थाने में तैनात था। उसे 29 जनवरी को शहर में कथित तौर पर चार लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस निरीक्षक को मोहम्मद अकबर (42) की शिकायत के आधार पर पकड़ा गया। शिकायतकर्ता का आरोप था कि के.पी. अग्रहारा थाने में दर्ज एक मामले में मदद के एवज में गोविंदराजु ने पांच लाख रुपये की मांग की थी।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज

शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी निरीक्षक पहले ही शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये ले चुका था और शेष चार लाख रुपये लेते समय पकड़ा गया। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

खाकी वर्दी को शर्मिंदा किया

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज था और गोविंदराजु ने कथित तौर पर रिश्वत के बदले उसे जमानत दिलाने का आश्वासन दिया था। वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने कहा कि इस घटना से पुलिस बल की छवि को नुकसान पहुंचा है। राव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि यह बेहद शर्मनाक कृत्य है। वर्दी में एक और निंदनीय कृत्य। कर्नाटक में एक लाख से अधिक पुलिसकर्मी हैं, जो खाकी वर्दी में इस तरह कृत्यों से शर्मिंदा महसूस करते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article