शहर

Jodhpur News: कल जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शनिवार 4 जुलाई को जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान वह संशोधित UDAN योजना भी लॉन्च करेंगे।

Image

प्रधानमंत्री मोदी कल जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का करेंगे उद्घाटन

Jodhpur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शनिवार 4 जुलाई को राजस्थान दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री शनिवार को ब्लू सिटी जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह दिन जोधपुर के लोगों के लिए काफी विशेष होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक टर्मिनल से पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी और इलाके में व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।

पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद

PM Modi ने अपने संदेश में कहा कि भारत के पर्यटन मानचित्र पर जोधपुर का पहले से ही काफी अहम स्थान है। ऐसे में एयरपोर्ट के उन्नत बुनियादी ढांचे से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल उद्योग, हस्तशिल्प कारोबार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

संशोधित UDAN योजना की होगी शुरुआत

अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी संशोधित UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना की भी शुरुआत करेंगे। सरकार के अनुसार, संशोधित योजना का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाना और देशभर में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना है।

कैसे आगे बढ़ेगी UDAN 2.0 योजना

नई योजना के तहत वर्तमान में उपयोग में नहीं आ रही हवाई पट्टियों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए 100 नए एयरोड्रोम विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही इन हवाई अड्डों के ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि क्षेत्रीय विमानन नेटवर्क को दीर्घकालिक मजबूती मिल सके।

छोटे शहरों को कनेक्टिविटी देगी UDAN योजना

केंद्र सरकार का मानना है कि संशोधित UDAN योजना से छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे पर्यटन, निवेश और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। पीएम मोदी का यह दौरा राजस्थान में बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय विमानन को गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article