सीधी : जिले के ग्राम माटा में एक पटवारी का बुजुर्ग ग्रामीण की पीठ पर सवार होकर पानी से भरे गड्ढे को पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पानी से भरे रास्ते को पार करने के लिए बुजुर्ग ग्रामीण ललबा केवट की पीठ पर बैठा नजर आ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, पीठ पर सवार व्यक्ति माटा हल्का क्षेत्र का पटवारी नीलेश नामदेव है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई और पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -इंदौर में अतिक्रमण पर बवाल, एडिशनल DCP को युवक ने दिया धक्का; हिरासत में 6 लोग
पटवारी नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित
मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय ग्राम माटा पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच की। जांच के बाद कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक ने पटवारी नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - चुनावी मौसम में भाजपा की कमाई कांग्रेस से 7 गुना ज्यादा, पांच राज्यों में मिला 1473 करोड़ रुपये का चंदा
ग्रामीणों का कहना है कि किसी बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पर बैठकर नाला पार करना उसकी गरिमा के खिलाफ है। वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी आक्रोश देखने को मिला। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद पटवारी पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। एसडीएम प्रिया पाठक ने बताया कि प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पटवारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है।
