शहर

इंदौर में अतिक्रमण पर बवाल, एडिशनल DCP को युवक ने दिया धक्का; हिरासत में 6 लोग

मध्य प्रदेश के इंदौर के साउथ तोड़ा इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने युवक को पकड़ लिया और मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया है।

Image

इंदौर में बुलडोजर एक्शन के बीच हंगामा

इंदौर : शहर के साउथ तोड़ा इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। हालांकि, साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत उठाकर भीड़ से अलग किया।

मामला बढ़ता देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने युवक की मौके पर ही पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।

नगर निगम की टीम की कार्रवाई से भड़की भीड़

जानकारी के मुताबिक, साउथ तोड़ा इलाके में नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हंगामे और झड़प तक पहुंच गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर 80 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। वहीं, नगर निगम की 100 से अधिक कर्मचारियों की टीम भी कार्रवाई में जुटी थी।

इसी दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया। धक्का लगने से वह अपना संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिर गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने हंगामा करने और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article