उत्तरी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। जर्जर हालत में खड़ी वर्धमान मॉल की बिल्डिंग में चल रही दो लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर पर एमसीडी (MCD) ने सीलिंग की कार्रवाई की।आरोप है कि इन लाइब्रेरियों में फायर सेफ्टी से जुड़े जरूरी इंतजाम नहीं थे-न पर्याप्त एग्जिट गेट और न ही आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने का सुरक्षित रास्ता।
कई जगह कम स्पेस में बड़ी संख्या में छात्र पढ़ते मिले। तस्वीरें उत्तरी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके की हैं, जहां जर्जर हालत में खड़ी वर्धमान मॉल की बिल्डिंग के अंदर चल रही लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर पर नगर निगम का एक्शन देखने को मिला, एमसीडी की टीम ने सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली लाइब्रेरियों को सील कर दिया।
जिस लाइब्रेरी को सील किया गया वह माल के टॉप फ्लोर यानी छत पर बनाई गई थी
खास तौर पर उन लाइब्रेरियों पर कार्रवाई की गई, जहां उपलब्ध जगह के मुकाबले छात्रों की संख्या काफी ज्यादा थी। जिस लाइब्रेरी को सील किया गया वह माल के टॉप फ्लोर यानी छत पर बनी थी तस्वीरों में दिखाई दे रही इस लाइब्रेरी में 100 से ज्यादा बच्चे पढ़ने के लिए आते थे। लेकिन सवाल ये है कि अगर अचानक आग लग जाए या कोई दूसरी आपात स्थिति पैदा हो जाए, तो इन बच्चों के बाहर निकलने का रास्ता क्या था?
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन से छात्रों का पलायन शुरू, सबसे बड़ा सवाल- सामान तो बांध लिया, पर अब जाएं कहां?
मौके पर फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट से जुड़े जरूरी इंतजाम नहीं मिले
MCD के मुताबिक, मौके पर फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट से जुड़े जरूरी इंतजाम नहीं मिले, ऐसे में बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी को गंभीर सुरक्षा खतरा माना गया। वही लाइब्रेरी संचालक और स्टूडेंट का कहना है कि पूरी बिल्डिंग में कई लाइब्रेरी ऐसी चल रही है जो नियमों को तक पर रख कर चलाई जा रही है लेकिन केवल दो ही हाल को सील क्यों किया गया बाकी जगहों पर भी छात्र-छात्राओं को खतरा है उन पर कारवाई कब की जाएगी।
MCD की कार्रवाई के बाद कई लाइब्रेरियों और कोचिंग सेंटर पर ताला लग चुका है
फिलहाल MCD की कार्रवाई के बाद कई लाइब्रेरियों और कोचिंग सेंटर पर ताला लग चुका है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या कार्रवाई सिर्फ किसी हादसे के बाद या शिकायत पर ही होगी, या ऐसी जर्जर इमारतों और असुरक्षित लाइब्रेरियों की पहले ही पहचान कर उन्हें नियमों के दायरे में लाया जाएगा? जो स्टूडेंट सीलिंग के दौरान मौके पर मौजूद नहीं थे आरोप है कि उनके लैपटॉप और अध्ययन सामग्री लाइब्रेरी के अंदर लॉकर में थी और लाइब्रेरी सील होने से स्टूडेंट्स को काफी दिक्कत हो रही है।
