शहर

Patliputra Railway Violence: पाटलिपुत्र स्टेशन पर क्यों मचा बवाल? तोड़फोड़ और पथराव से कैसे निपटी पुलिस; पटना DM ने बताया सबकुछ

Patna Patliputra Railway Violence: पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर बिहार पुलिस मद्य निषेध परीक्षा के अभ्यर्थियों ने ट्रेनों की कमी और देरी से नाराज होकर भारी हंगामा, तोड़फोड़ और पथराव किया। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें रेल आईजी जितेंद्र राणा घायल हो गए। पटना डीएम डॉ. थियागराजन के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों ने आपातकालीन व्यवस्था का उल्लंघन किया था, फिलहाल स्थिति सामान्य है और विशेष ट्रेनें रवाना कर दी गई हैं। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है।

Image

पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने किए उग्र प्रदर्शन। AI IMAGE

Patna Patliputra Railway Violence: पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने शनिवार देर रात उग्र प्रदर्शन किया। दरअसल, बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे हजारों अभ्यर्थियों ने ट्रेनों की कमी और ट्रेन लेट पहुंचने से नाराज हो गए।

देखते ही देखते नाराजगी , हिंसक प्रदर्शन में बदल गई। आक्रोशित छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर कूदकर ट्रेनों को रोक दिया, पथराव किया और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ भी की। छात्रों ने स्टेशन परिसर में तोड़फोड़ तथा पथराव करने शुरू कर दिए। भीड़ को तितर-बितर करने पुलिस को आंसू-गैस के गोले छोड़ने पड़े।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मद्य निषेध विभाग की परीक्षा दो पालियों में होनी थी, जिसके लिए हजारों अभ्यर्थी रात में ही स्टेशन पहुंच गए। इसी बीच स्टेशन पर पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था न होने और गाड़ियों के लेट होने से छात्रों में परीक्षा छूटने का डर सताने लगा। इसी दौरान जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पहुंची तो छात्रों में अफरातफरी मच गई।

इसके बाद नाराज छात्र पाटलिपुत्र-कटिहार एग्जाम स्पेशल ट्रेन के आगे पटरी पर बैठ गए और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, जिसकी वजह से रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जह छात्ररेलवे ट्रैक पर लेट गए और परीक्षा रद्द करने की मांग करने लगे।

छात्रों ने रेल सेवा की प्रभावित

प्रदर्शन की वजह से पाटलिपुत्र स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया, जबकि कई ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा।

पुलिसकर्मियों ने छात्रों को समझाने की खूब की कोशिश

प्रदर्शन के बीच रेल आईजी जितेंद्र राणा, रेल एसपी, आरपीएफ तथा जिला पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की खूब कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। हिंसा के दौरान पथराव में रेल आईजी जितेंद्र राणा घायल हो गए। कई थाना अध्यक्षों, पुलिसकर्मियों और जवानों को भी चोटें आई हैं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेल आईजी जितेंद्र राणा हाथ में पिस्तौल लेकर मोर्चा संभालते और पुलिस बल का नेतृत्व करते दिखाई दिए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू-गैस के गोले छोड़े।

असामाजिक तत्वों ने आपातकालीन व्यवस्था का किया उल्लंघन: डीएम

इस घटना पर जानकारी देते हुए पटना के डीएम डॉ. थियागराजन ने कहा, "लगभग आधी रात को हमें सूचना मिली कि कुछ लोग उपद्रव कर रहे हैं। हमने उनसे बार-बार अनुरोध किया कि वे हंगामा न करें और परीक्षा देने के इच्छुक परीक्षार्थियों के साथ सहयोग करें। हालांकि, कुछ असामाजिक तत्वों ने बार-बार आपातकालीन व्यवस्था का उल्लंघन किया और विभिन्न मांगें रखीं, जैसे कि विशेष ट्रेनों की मांग, जबकि दो विशेष ट्रेनें पहले से ही उपलब्ध थीं। उन्होंने परीक्षा देने के इच्छुक छात्रों को भी रोका। इन समस्याओं के कारण हमें हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अब स्थिति पूरी तरह से सामान्य है और ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं; परीक्षा देने वालों के लिए बनी ट्रेनें पहले ही रवाना हो चुकी हैं। रेल सेवाएं भी सामान्य रूप से चल रही हैं।"

फिलहाल आईजी जितेंद्र राणा, एसपी, दानापुर एसडीएम और एएसपी समेत कई थानों की पुलिस ने मौके पर मौजूद हैं। पुलिस और रेलवे प्रशासन अभ्यर्थियों को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहा है। वहीं, इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत स्पेशल ट्रेनें चलाई दी हैं, ताकि छात्रों को अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर समय से भेजा जा सके।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article