पटना

Bihar: नवादा में परीक्षा के लिए जा रहे युवक का खेत में मिला शव, गोली मारकर उतारा मौत के घाट

Bihar: बिहार के नवादा जिले में पुलिस की परीक्षा देने जा रहे एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। युवक का शव पुलिस को खेत में मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि युवक का किसी से कोई झगड़ा नहीं था और वह पढ़ाई में अच्छा था।

Image

नवादा में परीक्षा के लिए जा रहे युवक का खेत में मिला शव (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

बिहार के नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना नगर थाना के मिर्जापुर गांधी नगर इलाके की है, जहां कौआकोल थाना क्षेत्र के डोमन बाग निवासी ब्रह्मदेव महतो के पुत्र सचिन कुमार (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

परीक्षा देने जा रहे युवक का शव खेत में मिला

बताया जाता है कि सचिन सोमवार को बिहार पुलिस की परीक्षा देने सासाराम जा रहा था, लेकिन कुछ घंटों बाद उसका शव मिर्जापुर गांधी नगर के एक खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि युवक के सिर के पीछे गोली मारी गई थी। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र तथा दो बहनों का भाई था।

घटना की सूचना के बाद मृतक के गांव तथा इलाके में मातम पसर गया। मृतक के परिजनों के अनुसार, सचिन पिछले दो वर्ष से नवादा में रहकर पढ़ाई कर रहा था। हाल के दिनों में वह घर में ही रहकर तैयारी कर रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सहित थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

जांच में जुटी पुलिस

परिजनों के मुताबिक, सचिन का किसी से कोई झगड़ा नहीं था और वह पढ़ाई में भी अच्छा था। वह फिलहाल नौकरी की तलाश में था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और सभी संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी है। घटना की सूचना के बाद मृतक के गांव में मातम पसर गया। ग्रामीण सचिन की मौत में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article