पटना

जिसे समझा था मरा, वह लौटी जिंदा; छपरा में महिला की वापसी से गांव में सनसनी, 11 जून को हुआ था श्राद्ध

छपरा, बिहार से एक रहस्यमयी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मृत समझकर अंतिम संस्कार की जा चुकी महिला रामा देवी एक महीने बाद अचानक जीवित घर लौट आईं। अब पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि फिर सरयू नदी के किनारे मिला शव आखिर किसका था।

Image

मृत महिला स्वयं लौटी घर (सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

बिहार के छपरा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला, जिसे मृत समझकर अंतिम संस्कार तक कर दिया गया था, अचानक जीवित घर लौट आई। रिविलगंज प्रखंड के मोहब्बत परसा पंचायत स्थित भादपा नई बस्ती गांव की 45 वर्षीय रामा देवी मई महीने में अचानक लापता हो गई थीं। 26 मई को सरयू नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला, जिसे परिजनों ने रामा देवी समझकर पहचान लिया और अंतिम संस्कार के साथ श्राद्ध कर्म भी कर दिया।

लेकिन 22 जून को जब रामा देवी खुद अपने घर लौट आईं, तो पूरा परिवार और गांव स्तब्ध रह गया। बताया जा रहा है कि वे मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और बिना किसी को बताए कोलकाता चली गई थीं। करीब एक महीने वहां रहने के बाद वे अपने दम पर वापस आ गईं। पुलिस द्वारा मिले शव का पोस्टमार्टम कराया गया था और फिर उसे रामा देवी के परिजनों को सौंप दिया गया था। इस असाधारण घटनाक्रम ने पूरे गांव को हैरानी में डाल दिया है, वहीं अब पुलिस यह जांच कर रही है कि सरयू नदी से मिला शव आखिर किसका था।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article