पटना

Bihar: पूर्वी चंपारण में सनसनीखेज वारदात; बहू ने ली दिव्यांग ससुर की जान, गांव में छाई दहशत

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डेरवा मठिया गांव में पारिवारिक विवाद के चलते बुधवार को एक बहू ने अपने दिव्यांग ससुर की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 62 वर्षीय रामनाथ सहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी खुशबू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Image

दिव्यांग ससुर की हत्या के आरोप में महिला गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डेरवा मठिया गांव में बुधवार को एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जब एक महिला ने अपने वृद्ध ससुर की हत्या कर दी। मृतक 62 वर्षीय रामनाथ सहनी थे, जो शारीरिक रूप से दिव्यांग थे। पुलिस के अनुसार, बहू खुशबू देवी ने उन पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

चकिया के डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि हत्या घरेलू विवाद का नतीजा है। घटना के समय खुशबू देवी अपने चार वर्षीय बेटे रौशन को साथ ले जाने आई थीं, लेकिन रामनाथ सहनी ने पोते को देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसा में बदल गया। बताया जा रहा है कि बहू ने अपने ससुर के प्राइवेट पार्ट को भी ईंट से कुचल दिया। पुलिस ने खुशबू देवी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। रामनाथ सहनी का शव पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है।

मृतक के दोनों बेटे घटना की सूचना मिलते ही घर पहुंचे। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन गांव में गश्त बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article