Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला ने पति का गला चाकू से रेतकर और गोदकर उसे मौत के घाट उतारा है। इतना ही नहीं महिला ने खुद को बचाने के लिए पति के दोनों मोबाइल और सीसीटीवी का डीवीआर नाले में फेंक दिया, ताकि इस वारदात में उसका नाम सामने न आए। हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मामले की जांच की। महिला के बदलते बयानों पर पुलिस को शक हुआ तो उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद महिला ने आरोप स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने किस वजह से पति को उतारा मौत के घाट
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सबा को शक था कि उसके पति मुमताज का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है। इतना ही नहीं मुमताज सबा के साथ मारपीट भी करता था, जिससे वह डर गई थी कि उसका पति उसकी हत्या कर सकता है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सबा ने हत्या की योजना टीवी सीरियल देखकर बनाई थी। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ कागज के टुकड़े जब्त किए हैं, जिसमें सबा ने इरादे का संकेत दिया था। पुलिस ने बताया कि सबा ने एक कागज के टुकड़े पर लिखा था, "मुझे हारना मंजूर है, लेकिन मैं खेल को बड़े स्तर पर खेलूंगी।"
ट्रैकिंग एप से पति का फोन किया हैक
सबा फिरदौस ने अपने पति का मोबाइल फोन ट्रैकिंग एप के माध्यम से हैक कर रखा था। बताया जा रहा है कि सबा और मुमताज का 13 साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। 13 साल की शादी के बाद पति के अवैध संबंध और जान का खतरा देखते हुए सबा ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्या के लिए उपयोग किए गए चाकू, लैपटॉप, टैब और अन्य सामान बरामद कर लिया है। एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि सबा ने साक्ष्यों को भ्रमित करने का प्रयास किया था। बदलते बयानों के बाद जब सबा से सख्ती के पूछताछ की गई, तो उसने अपना गुनाह कबूला। पुलिस ने सबा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
