Amrit Bharat Express Bihar: बिहार के लोगों को त्योहारी सीजन से पहले बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार को पटना से 7 ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और चार पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इस ट्रेनों के संचालन से न सिर्फ बिहार के यात्रियों को नए गंतव्यों तक सीधी सुविधा मिलेगी, बल्कि राज्य की रेल कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।
वर्तमान में बिहार में अमृत भारत ट्रेनों की संख्या
मध्यम वर्ग और आम लोगों के बीच लोकप्रिय ट्रेन के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ वर्तमान में देश भर में 12 सेवाएं संचालित करती है, जिनमें से 10 ट्रेंने बिहार से चलती हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन ट्रेनों को रवाना करेंगे। बयान में बताया गया, ‘‘बिहार में तीन नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ की शुरुआत के बाद कुल संख्या 15 हो जाएगी, जिनमें से 13 बिहार से चलेंगी। यह केंद्र की ओर से बिहारवासियों के लिए एक बड़ा उपहार है।’’
बिहार की नई अमृत भारत ट्रेनों का रूट
ये ट्रेनें मुजफ्फरपुर-चरालपल्ली (हैदराबाद के समीप), दरभंगा-मदार जंक्शन (अजमेर के करीब) और छपरा-आनंद विहार के बीच चलेंगी। बयान के अनुसार, “मुजफ्फरपुर-चरालपल्ली ट्रेन पहली ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ होगी जो दक्षिण भारत जाएगी जबकि छपरा-आनंद विहार ट्रेन बिहार से दिल्ली के बीच चलने वाली छठी ‘अमृत भारत’ ट्रेन होगी।” बयान में बताया गया, इसके साथ ही वैष्वण और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चार पैसेंजर ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जो पटना-बक्सर, झाझा-दानापुर, पटना-इस्लामपुर और नवादा-पटना (शेखपुरा-बरबीघा मार्ग) के बीच चलेंगी।
(इनपुट - भाषा)
