पटना

भागलपुर में लगेगी बिहार सरकार की सबसे बड़ी परियोजना, 'रौशन' होगा राज्य; PM मोदी करेंगे शिलान्यास!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भागलपुर के पीरपैंती बिजली घर का शिलान्यास कर सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया के अपने दौरे के दौरान इस बिजली घर का शिलान्यास करेंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फाइल फोटो (फोटो - PTI)

Photo : PTI

बिहार सरकार की सबसे बड़ी बिजली घर परियोजना को बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अब भागलपुर के पीरपैंती में बिजली घर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। आयोग ने कल यानी बुधवार 27 अगस्त को बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड की याचिका पर सुनवाई करते हुए पीरपैंती से बिजली खरीदने की सहमति दी।

इस बिजली घर से बिहार को 6.075 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी। यह परियोजना 800 मेगावाट की तीन इकाइयों (कुल 2400 मेगावाट) वाली होगी, जिसका निर्माण अदाणी पावर लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। केंद्रीय विद्युत अधिनियम के अनुसार, बिजली घर के निर्माण और बिजली की खरीद के लिए विनियामक आयोग की अनुमति आवश्यक है, जिसके तहत बिजली कंपनी ने आयोग के समक्ष याचिका दायर की थी।

आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी, सदस्य अरुण कुमार सिन्हा और पीएस यादव ने इस परियोजना को मंजूरी दी, जो भविष्य में बिहार में बिजली की खपत को पूरा करने में सहायक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को पूर्णिया दौरे के दौरान पीरपैंती बिजली घर का शिलान्यास करने की संभावना है।

बिजली कंपनी जल्द ही इस परियोजना के शिलान्यास के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की योजना बना रही है। बिहार के ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने इसे बिहार सरकार की सबसे बड़ी परियोजना बताया, जो राज्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article