Patna News: बिहार की राजधानी पटना में बीपीएससी की तैयारी कर रही की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। जिसकी पहचान नवादा की रहने वाली खुशी कुमारी के तौर पर हुई है। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने लिखा है कि अपनी मां के सपने को पूरा न कर पाने के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का फैसला लिया।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी छात्रा
नवादा जिले के नारदीगंज की निवासी खुशी पिछले एक साल से पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह कस्तूरबा पथ स्थित एक हॉस्टल में रह रही थी। बुधवार सुबह हॉस्टल संचालक ने नाश्ते के लिए सभी छात्राओं को जगाया, लेकिन खुशी के कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसका शव फंदे से लटका हुआ पाया।
पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें खुशी ने अपनी मां को संबोधित करते हुए लिखा कि वह परीक्षा में सफल नहीं हो पा रही है और अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती। उसने लिखा कि वह अपनी मां के भरोसे पर खरा नहीं उतर पाई। खुशी के माता-पिता सरकारी कर्मचारी हैं और घटना की सूचना मिलने पर वे पटना पहुंचे। सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार ने बताया कि छात्रा की मां ने कोई शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। यह घटना मानसिक दबाव और परीक्षा तनाव पर चिंता बढ़ाती है।
