Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का ताडंव देखने को मिल रहा है। जिले से आए दिन हत्या की वारदातें सामने आ रही है। ताजा मामला दानापुर के हथियाकांध इलाके से आया है। जहां अपराधियों ने एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी। आरोपियों ने धारदार हथियार से युवक पर हमला किया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय शिवम उर्फ बंटी के रूप में हुई है, वह स्थानीय निवासी राकेश सिंह का बेटा था। पटना वेस्ट सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शिवम की धारदार हथियार से हत्या की गई है। मौके से एफएसएल की टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले की आगे जांच जारी है। उन्होंने कहा कि सभी साक्ष्यों और तथ्यों को इकट्ठा करने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
एसपी ने कहा घटनास्थल के आसपास के इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हमने परिजनों से भी बातचीत की है। युवक को आखिरी बार रात 11 बजे के करीब देखा गया था। प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है और संभावना है कि मृतक और संदिग्ध एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
