Vande Bharat Train: पटना और लखनऊ के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 12 मार्च से पटना-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने वाला है। जहां पहले पटना (Patna)और लखनऊ (Lucknow) शहरों की यात्रा करने में 9:30 से 10 घंटे का समय लगता था। अब करीब 08 घंटे का समय लगेगा। पहले के मुकाबले अब पटना से लखनऊ जाने वाले लोग 1 से डेढ़ घंटे पहले ही अपने गंतव्य पर पहुंच जाएंगे। वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से बिहार के साथ उत्तर प्रदेश रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
होली से पहले ट्रेन का संचालन लोगों के लिए सोने पर सुहागा जैसा है। लखनऊ से पटना जाने वाले हो या पटना से लखनऊ जाने वाले लोग, त्योहार पर जल्द से जल्द सभी लोग घर पहुंचना चाहते हैं। ऐसे में पटना से लखनऊ केसरिया वंदे भारत ट्रेन का संचालन लोगों के लिए बड़ी सौगात है। बता दें कि पटना से शुरू होने वाली वंदे भारत ट्रेन अयोध्या से होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। 12 मार्च से इसके संचालन को लेकर सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। आइए अब आपको इस ट्रेन की टाइमिंग, शेड्यूल आदि के बारे में बताएं...
पटना से लखनऊ का समय
मिली जानकारी के अनुसार पटना से सुबह 6:05 मिनट पर रवाना होने के बाद दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन से होते हुए 9:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसके बाद यहां से 12:35 अयोध्या पहुंचेगी। अयोध्या से रवाना होने के बाद दोपहर 2:45 पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन लखनऊ पहुंचेगी।
लखनऊ से पटना का समय
लखनऊ से पटना के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 3:30 बजे रवाना होगी। शाम 5:20 तक ये ट्रेन अयोध्या पहुंचेगी। अयोध्या से रवाना होने के बाद वाराणसी से होते हुए 8:50 मिनट पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुचेगी। उसके बाद बक्सर, आरा, दानापुर होते हुए रात 11:45 पर पटना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
इतने दिन चलेगी पटना-लखनऊ वंदे भारत ट्रेन
पटना से लखनऊ केसरिया वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलने के लिए तैयार है। ट्रायल रन के बाद से इसके संचालन का नोटिफिकेशन तैयार किया गया है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार को चलेगी। इस बीच बुधवार को ट्रेन का संचालन बंद रहेगा। इसके साथ ही इस ट्रेन के मेंटेनेंस का कार्य पटना में पूरा किया जाएगा।
बिहार में वंदे भारत की संख्या बढ़कर हुई पांच
बिहार में तीन नई वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की जाएगी। 12 मार्च को पटना-लखनऊ केसरिया वंदे भारत के साथ दो और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। पटना-लखनऊ वंदे भारत के जैसे ही दूसरी वंदे भारत भी बिहार और यूपी को जोड़ेगी। इसमें रांची से वाराणसी के लिए वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की जाएगी। वहीं तीसरी वंदे भारत ट्रेन पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत है। ऊपर दी गई तीनों ट्रेनों को मिलाकर बिहार में अब 5 वंदे भारत ट्रेन हो गई है।
