पटना

Patna Junction Extension: पटना जंक्शन का होगा विस्तार, 5 एकड़ जमीन पर बढ़ेगा दायरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 15, 2023, 02:23 PM IST

Patna Junction Extension Plan: बहुप्रतीक्षित पटना जंक्शन के विस्तार की योजना अब धरातल पर उतरती दिख रही है। जंक्शन के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य सरकार द्वारा रेलवे और रेलवे द्वारा राज्य सरकार को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।

Image

पटना जंक्शन का होना है विस्तार

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • हार्डिंग पार्क की 4.6 एकड़ जमीन की कीमत तय करेगा जिला प्रशासन
  • हार्डिंग पार्क स्थित पुराने बस स्टैंड में जंक्शन का होगा विस्तार
  • इस जमीन के बदले राज्य सरकार को रेलवे देगी दानापुर-बिहटा रोड पर रेलवे कॉलोनी की जमीन


Patna Junction Extension, Patna News: पटना जंक्शन का बहुत जल्द विस्तार शुरू हो जाएगा। शहर के हार्डिंग पार्क की 4.6 एकड़ जमीन पर जंक्शन का विस्तार होना है। इसके लिए राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को हार्डिंग पार्क की जमीन की कीमत तय करने के लिए कहा है। हार्डिंग पार्क स्थित पुराने बस स्टैंड में जंक्शन विस्तारित होगा। इस जमीन के बदले रेलवे पटना सिटी की पटना साहिब-पटना घाट और दानापुर की रेलवे कॉलोनी की जमीन राज्य सरकार को देगी।

हार्डिंग पार्क की इस जमीन के बदले रेलवे से राज्य सरकार का पथ निर्माण विभाग दानापुर-बिहटा रोड किनारे रेलवे कॉलोनी की जमीन लेगा। उक्त जमीन पर दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड बनाया जाना है। इस प्रोजेक्ट के लिए इस महीने एजेंसी चयनित हुई है। दो महीने में रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है।

चार नए प्लेटफॉर्म बनेंगे

हार्डिंग पार्क में लोकल ट्रेनों के लिए सिंगल लाइन के चार नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। पैसेंजर ट्रेनें हार्डिंग पार्क टर्मिनल पर जाएंगी। इससे पटना जंक्शन की मेन लाइन खाली रहेगी और लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों का पटना जंक्शन पहुंचने का समय 10-15 मिनट कम हो जाएगा। आउटर पर ट्रेन रोके जाने की समस्या ही समाप्त हो जाएगी। इससे पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम रहेगी। ट्रेनों में इंजन बदलने का झंझट भी समाप्त हो जाना है।

हार्डिंग पार्क से खुलेंगी यह ट्रेनें

रेलवे की योजना के मुताबिक हार्डिंग पार्क से पटना-झाझा, पटना-बक्सर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना-हाजीपुर, पटना-राजगीर, पटना-इस्लामपुर रेल मार्ग पर परिचालित होने वाली पैसेंजर ट्रेनें हार्डिंग पार्क से रवाना होंगी। इसके लिए फुट ओवरब्रिज की जगह अंडर सब-वे बनाया जाएगा।

गंगा पथ से पटना साहिब स्टेशन तक बनेगी फोरलेन सड़क

इधर, लोकनायक जेपी गंगा पथ से पटना सिटी स्थित पटना साहिब रेलवे स्टेशन तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके निर्माण के लिए पटना साहिब स्टेशन से पटना घाट तक की जमीन राज्य सरकार के पथ निर्माण् विभाग को रेलवे से मिलेगी। रेलवे की इस 550 मीटर लंबी जमीन पर अटल पथ की तरह सड़क बनाई जाने की योजना है, जिससे पटना सिटी क्षेत्र के लोगों के साथ ही मारुफगंज मंडी आने-जाने में व्यावसायियों को सुविधा होगी। इस भाग के निर्माण के लिए एजेंसी भी चुन ली गई है। जुलाई में एजेंसी को काम दे दिया गया है। अगले साल फरवरी तक इस सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!