Shopping centre to visit in Patna: राजधानी पटना में शॉपिंग करने के लिए बहुत विकल्प हैं। शहर में कपड़ों की खरीदारी सबसे अधिक होती है। यहां पर महानगरों में मिलने वाले कपड़े उचित दाम पर मिल जाते हैं। अगर, आप डिजाइनर ड्रेस, मॉडर्न सामान, पारंपरिक वेश-भूषा वाले कपड़े खरीदना चाहते हैं तो खेतान मार्केट सबसे अच्छा विकल्प है। मार्केट में 500 दुकानें हैं। सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक मार्केट खुला रहता है। ब्रांडेड लहंगा, शेरवानी और स्टाइलिश ड्रेस लेनी हो तो आप मौर्या लोक जाएं। इस जगह आप ज्वेलरी भी खरीद सकते हैं। ब्रांडेड कंपनी के शो-रूम के अलावा कई सामान्य ज्वेलर्स हैं। इतना ही नहीं यह मार्केट फुटवियर के लिए सबसे बड़ा बाजार है।
बाकरगंज एवं चांदनी चौक से खरीदें इलेक्ट्रॉनिक आइटम
इलेक्ट्रॉनिक आइटम की खरीदारी के लिए शहर में दो बड़ी जगह हैं। एक बाकरगंज और दूसरा चांदनी चौक। इन दोनों ही जगहों पर किफायती कीमत पर बेहतर इलेक्ट्रॉनिक सामान मिल जाएंगे। इसके अतिरिक्त गैजेट्स लेना हो तो आप डाक बंगला चौराहा स्थित हरि निवास कॉम्प्लेक्स चले जाएं। यहां आपको मोबाइल, कंप्यूटर-लैपटॉप समेत तमाम गैजेट्स मिल जाएंगे।
कई इलाकों में लगते हैं स्ट्रीट मार्केट
राजधानी के कई इलाकों में स्ट्रीट मार्केट भी लगते हैं। हथुआ मार्केट, महेंद्रू और पटना सिटी में स्ट्रीट मार्केट लगता है। यहां हर दिन हजारों लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। इन सभी जगहों पर सस्ते और बेहतर सामान मिल जाते हैं। वैसे यह स्ट्रीट मार्केट कपड़ों की ही खरीदारी के लिए प्रसिद्ध है। यहां से खरीदारी करते समय आपको विशेष सावधानी भी बरतनी होगी।
इन मॉल में भी कर सकते हैं खरीदारी
पटना में कई मॉल हैं, जहां आप खरीदारी कर सकते हैं। तीन महीने पहले ही पटना सिटी सेंटर मॉल खुला है। यह पटना का सबसे बड़ा मॉल है। यहां आपको सभी कंपनियों के आउटलेट मिल जाएंगे। इसके अलावा पैंटालूंस, पी एंड एम मॉल, वन मॉल, रिलायंस ट्रेंड से भी खरीदारी कर सकते हैं। सुपर मार्केट के रूप में भी शहर में दो दर्जन से अधिक विकल्प हैं।
