पटना

Bihar: पटना में खराब मौसम के कारण नीतीश के सभी कार्यक्रम रद्द; वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे मुख्यमंत्री

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आज के सभी कार्यक्रम खराब मौसम के कारण रद्द कर दिए गए हैं। पटना में लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते यह निर्णय लिया गया। हालांकि, मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 11:00 बजे वे प्रधानमंत्री के साथ युवा संवाद कार्यक्रम में भी वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।

Image

पटना में सुबह से हो रही झमाझम बारिश (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Bihar News: बिहार में चुनाव सिर पर हैं और उसकी तैयारियों की कवायद भी पूरे जोर पर है। इन्हीं व्यवस्थाओं की कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज कुछ कार्यक्रमों में योजनाओं के शिलान्यास आदि के लिए जाने वाले थे लेकिन इसके आड़े मौसम आ गया। प्रदेश में कई जगह होने वाले सभी कार्यक्रमों को खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया हैं। मुख्यमंत्री अब इन कार्यक्रमों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11:00 बजे आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लेंगे। वहीं, दोपहर 1:00 बजे मुंगेर जिले के इंडस्ट्रियल एरिया, जमालपुर में डेयरी फूड एवं वेजिटेबल प्रोडक्शन प्लांट के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके अलावा दोपहर 2:00 बजे केंद्रीय और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन और प्रगति यात्रा में किए गए घोषणाओं से संबंधित योजनाओं के कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।

इसके साथ ही शनिवार को बटिया में होने वाला मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम और कटहराटांड़ में बरनार डैम का शिलान्यास कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए गए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। जमुई के बटिया में होने वाला जनसंवाद कार्यक्रम खास था क्योंकि इसमें 50 साल से लंबित बरनार जलाशय परियोजना का शिलान्यास होना था। ग्रामीणों और प्रशासन ने इसे ऐतिहासिक दिन मानकर तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन मौसम ने इस योजना को स्थगित कर दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि सभी कार्यक्रम अब ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किए जाएंगे ताकि जनता और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस कदम से यह स्पष्ट हुआ कि मौसम की बाधा के बावजूद योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article