Bihar Kidnapping Case: बिहार के मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़िता के पिता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि गुरुवार की शाम वह अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ पंडौल बाजार से गांव लौट रहे थे, तभी सुनसान रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर उनकी बेटी का अपहरण कर लिया और विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।
अपहरण की इस वारदात से परिवार में भय और चिंता का माहौल है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को किडनैप करने वाले युवक पंकज मंडल और उसका एक साथी पहले से ही उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे। इस मामले में पंडौल थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच तेज़ी से की जा रही है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर की निगरानी कर रही है और जल्द ही लड़की की बरामदगी के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
