Patna Murder: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। रविवार सुबह करीब 9:00 बजे गर्दनीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत सरिस्ताबाद मोड़ पर अज्ञात बदमाशों ने एक निजी कंपनी में स्टोर कीपर के रूप में काम करने वाले युवक को गोली मार दी। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस, जुटाए जा रहे साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन कार्रवाई शुरू की। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) और डॉग स्क्वाड की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उनकी सहायता से अपराधियों की पहचान की जा रही है। गर्दनीबाग थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे हत्यारों का सुराग मिल सके।
