शहर

UP Politics: अपना दल नेता पल्लवी पटेल ने बढ़ाया सियासी तापमान, वाराणसी से शुरू की 'रोजगार और भागीदारी संकल्प यात्रा'

पल्लवी पटेल इस यात्रा के जरिए यह संदेश देना चाहती हैं कि पटेल समाज का असली नेतृत्व उन्हीं के पास है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह यात्रा सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पटेल, ओबीसी और युवा वोट को एक मंच पर लाने की तैयारी है।

Image

अपना दल नेता पल्लवी पटेल (फाइल फोटो)

यूपी की सड़कों पर सियासी सियासी यात्राएं रफ्तार पकड़ने लगी है। अपना दल कमेरावादी की नेता और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को वाराणसी के सारनाथ से 'रोजगार एवं भागीदारी संकल्प यात्रा' की शुरुआत कर दी है। यह यात्रा प्रदेश के 14 जिलों से होते हुए 8 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन के साथ समाप्त होगी।

पार्टी के जारी कार्यक्रम के अनुसार यात्रा वाराणसी से शुरू होकर चंदौली, मिर्जापुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, कानपुर, उन्नाव और रायबरेली से होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। यात्रा के दौरान डॉ. पल्लवी पटेल खुद स्कूटी पर सवार होकर यात्रा की अगुवाई करते हुए दिखी। उनके साथ सैकड़ों बाइक का जत्था मौजूद था। पार्टी का दावा है कि यात्रा के दौरान कोई भी नेता सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में नहीं रुकेगा, बल्कि गांव में ही रात गुजारेगा और लोगों की समस्याएं सुनेगा।

यात्रा के क्या है मकसद

अपना दल कमेरावादी इस यात्रा के जरिए तीन मुद्दों को साधने की कोशिश करेगी।

1. रोजगार का मुद्दा: यूपी में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। पल्लवी पटेल युवाओं के बीच इसी मुद्दे को लेकर जा रही हैं।

2. भागीदारी का सवाल: भागीदारी का मतलब है सत्ता, टिकट और नौकरियों में हिस्सेदारी। अपना दल कमेरावादी लंबे समय से सामाजिक न्याय और भागीदारी की बात करता रहा है।

3. पटेल वोटबैंक की लड़ाई: राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस यात्रा का सबसे बड़ा मकसद पटेल वोटबैंक को साधना है। यूपी में कुर्मी-पटेल समाज करीब 7-8 प्रतिशत माना जाता है, जो पूर्वांचल और अवध की कई सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाता है।

अभी पटेल वोट में बंटवारा है

एक हिस्सा केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ है, तो दूसरा हिस्सा बीजेपी के साथ। पल्लवी पटेल इस यात्रा के जरिए यह संदेश देना चाहती हैं कि पटेल समाज का असली नेतृत्व उन्हीं के पास है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह यात्रा सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पटेल, ओबीसी और युवा वोट को एक मंच पर लाने की तैयारी है। अब सबकी नजर 8 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले महाआंदोलन पर टिकी है। उसी से तय होगा कि यह यात्रा आंदोलन का रूप लेती है या सिर्फ एक राजनीतिक शो बनकर रह जाती है।

बीजेपी पर हमलावर रही पल्लवी पटेल

Times Now नवभारत से बातचीत के दौरान पल्लवी पटेल ने कहा कि इस बार भी वो सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगी। उनकी पार्टी का मकसद किसी भी हालत में बीजेपी को सत्ता से दूर करना है।इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मुद्दे को सुलझा लिया जाएगा। उनकी पार्टी 13 मंडल की 60 सीटों पर तैयारी कर रही है। पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि बीजेपी की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ रही है। पल्लवी पटेल ने कहा कि चाहे सपा हो, कांग्रेस या फिर अपना दल कमेरावादी, सभी का मकसद एक है, तानाशाही सरकार को हटाना।

सिराथू से चुनाव लड़ेंगी पल्लवी पटेल

पल्लवी पटेल ने एक बार फिर से सिराथू से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनका सियासी वजूद सिराथू से है। उन्होंने कहा कि वो ना सिराथू को छोड़ूंगी और ना ही वहां की जनता को ।

End of Article