Darbhanga Jeweller Murder: दरभंगा के बाकरगंज इलाके में बुधवार रात ज्वेलर राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद गुरुवार सुबह शहर का माहौल उथल-पुथल हो गया। लहेरियासराय थाना क्षेत्र में आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने टेंट लगाकर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, खासकर एनकाउंटर की मांग उठाई।
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
घटना से गुस्साए स्वर्णकार समाज और अन्य व्यापारियों ने बाजार पूरी तरह बंद कर दिया है। शहर के कई कारोबारी सड़क पर उतर आए हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। मृतक के परिजन और महिलाएं भी धरने में शामिल हैं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर एसडीपीओ राजीव कुमार, एसडीओ विकास कुमार और लहेरियासराय के थानाध्यक्ष अमित कुमार मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इस तरह घटी वारदात
मृतक राहुल कुमार, बाकरगंज निवासी बबलू साह के पुत्र थे और ब्रह्मोत्तरा चौक (एपीएम थाना क्षेत्र) में एक स्वर्ण आभूषण की दुकान चलाते थे। बुधवार रात दुकान बंद करने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, उसी दौरान निजी स्कूल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। इस जघन्य वारदात से न केवल इलाके में बल्कि पूरे दरभंगा जिले के सर्राफा समाज में जबरदस्त गुस्सा फैल गया है।
