Begusarai News: बिहार के बेगूसराय जिले के नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को अपराधियों ने एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) को निशाना बनाया और 20 लाख रुपए से अधिक की राशि लूटकर फरार हो गए। इस डकैती को दिनदहाड़े अंजाम दिया गया है। इससे पता चलता है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम हो गया है।
बेगूसराय में दिनदहाड़े डकैती
पुलिस के मुताबिक, शहर के हर हर महादेव चौक पर स्थित एचडीएफसी बैंक में पांच से छह की संख्या में ग्राहक के रूप में बदमाश पहुंचे। बैंक में घुसने के बाद हथियारबंद अपराधी बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद हथियार के बल पर वहां रखे रुपए लेकर फरार हो गए।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
बैंक कर्मचारियों के मुताबिक, लुटेरे करीब 20 लाख रुपए से अधिक की राशि लूट ले गए हैं। हालांकि, पूरी गिनती के बाद ही लूट की सही राशि का पता चल सकेगा। इधर, घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि कितनी रकम की लूट हुई है, यह गिनती के बाद ही बताया जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
