पटना

बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलवे लाइन होगी डबल, केंद्र से मिली 2192 करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी

चुनावी राज्य बिहार को केंद्र से एक और सौगात मिल गई है। बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलवे लाइन को डबल करने की मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही NH-139W के 4 लेन साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को बनाने की भी मंजूरी मिल गई है।

Image

बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलवे लाइन होगी डबल (फोटो - PTI)

Photo : PTI

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) होने तय हैं। चुनावों को देखते हुए विपक्षी पार्टियों का फोकस भी बिहार में है और सत्तारूढ़ NDA गठबंधन भी बिहार के लिए लगातार घोषणाएं कर रहा है। रेलवे ने बिहार में बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलवे लाइन को डबल करने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए कुल 2192 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग 139डब्ल्यू पर 78.94 किलोमीटर लंबे साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन बनाने की परियोजना को भी मंजूरी दी। इस पर 3,822.31 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।

प्रस्तावित चार लेन वाली नई परियोजना पटना और बेतिया के बीच संपर्क में सुधार करेगी और उत्तर बिहार के वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों को भारत-नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों से जोड़ेगी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग 139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड के चार लेन के हाइब्रिड एन्युइटी मोड में निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल लंबाई 78.94 किलोमीटर और कुल पूंजीगत लागत 3,822.31 करोड़ रुपये है।’

उन्होंने कहा कि यह परियोजना लंबी दूरी के माल यातायात को सुगम बनाएगी, प्रमुख बुनियादी ढांचे तक पहुंच में सुधार करेगी और कृषि क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों और सीमापार व्यापार मार्गों से संपर्क में सुधार करके क्षेत्रीय आर्थिक विकास को सुविधाजनक बनाएगी।

बयान के अनुसार, यह परियोजना सात पीएम गति शक्ति आर्थिक केंद्रों, छह सामाजिक केंद्रों, आठ लॉजिस्टिक केंद्रों, नौ प्रमुख पर्यटन और धार्मिक केंद्रों को जोड़ेगी और केसरिया बुद्ध स्तूप (साहेबगंज), सोमेश्वरनाथ मंदिर (अरेराज), जैन मंदिर और विश्व शांति स्तूप (वैशाली) और महावीर मंदिर (पटना) सहित प्रमुख विरासत और बौद्ध पर्यटन स्थलों तक पहुंच में सुधार करेगी। इससे बिहार के बौद्ध सर्किट और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षमता को मजबूती मिलेगी।

मौजूदा राजमार्ग पर भीड़भाड़ की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-139 डब्ल्यू योजना उच्च गति कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए बनाई गई है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31, राष्ट्रीय राजमार्ग-722, राष्ट्रीय राजमार्ग-727, राष्ट्रीय राजमार्ग-27 और राष्ट्रीय राजमार्ग-227ए के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क के रूप में काम करेगा।

इस परियोजना से साहेबगंज और बेतिया के बीच कुल यात्रा समय मौजूदा विकल्पों की तुलना में 2.5 घंटे से घटकर एक घंटा रह जाएगा। साथ ही यात्री और मालवाहक वाहनों, दोनों के लिए सुरक्षित और निर्बाध संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।

बयान के अनुसार, 78.94 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित परियोजना से लगभग 14.22 लाख मानव दिवस प्रत्यक्ष रोजगार और 17.69 लाख मानव दिवस अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। प्रस्तावित गलियारे के आसपास के क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि के कारण यह परियोजना अतिरिक्त रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी।

इनपुट - PTI

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article