पटना

सुपौल में अवैध शराब की छापेमारी के लिए पहुंची पुलिस, आदिवासी महिलाओं की भीड़ ने किया ईंट-पत्थर से हमला, 11 पुलिसकर्मी घायल

सुपौल में अवैध शराब की गुप्त सूचना मिलने के बाद आदिवासी टोला छापेमारी के लिए पहुंची पुलिस की टीम पर महिलाओं के झुंड ने ईं-पत्थर से हमला कर दिया। इस घटना में 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

Supaul News: बिहार के सुपौल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां अवैध शराब के मामले पर छापेमारी करने के लिए एक पुलिस की टीम पहुंची, जिन पर महिलाओं द्वारा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने झुंड बनाकर ईंट-पत्थर से पुलिस पर हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इतना ही नहीं महिलाओं द्वारा किए गए इस हमले में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने इस दौरान 45 लीटर शराब बरामद की और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

अवैध शराब की छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला

बताया जा रहा है कि पुलिस को अवैध शराब को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर प्रतापगंज के थानाध्यक्ष प्रमोद झा के नेतृत्व में पुअनि नीरज कुमार आचार्य, अंजली कुमारी, लाल कुमार समेत कई पुलिसकर्मी तेकुना पंचायत वार्ड 9 स्थित इमामपट्टी आदिवासी टोला पहुंचे। पुलिस ने जैसे ही आदिवासी टोला में शराब की जांच शुरू की, वैसे ही 30 से 40 आदिवासी महिलाओं का झुंड वहां पहुंचा और पुलिस की टीम पर ईंट पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस घटना में कई आदिवासी महिलाओं के भी जख्मी होने की खबर सामने आई है।

45 लीटर शराब जब्त

पुलिस की टीम द्वारा इस दौरान आदिवासी टोले से 45 लीटर देसी शराब बरामद की गई है। प्रतापगंज थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि छापेमारी के दौरान मिली 45 लीटर शराब के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article