पटना

'सरकार चलाने की क्षमता खो चुके नीतीश कुमार', तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के मानसिक स्वास्थ्य पर उठाए सवाल

Bihar Elections 2025: राजद नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक कार्यक्रम में ‘‘असामान्य व्यवहार’’ उनकी ‘‘मानसिक स्थिति’’ और ‘‘सरकार चलाने की क्षमता’’ को लेकर नए सिरे से संदेह पैदा करता है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “क्या मुख्यमंत्री की इस मानसिक स्थिति के लिए उनके सहयोगी जिम्मेदार हैं जो भाजपा के इशारे पर उनके खाने में कुछ मिला रहे हैं?”

Image

राजद नेता तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

Bihar Elections 2025: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक कार्यक्रम में ‘‘असामान्य व्यवहार’’ उनकी ‘‘मानसिक स्थिति’’ और ‘‘सरकार चलाने की क्षमता’’ को लेकर नए सिरे से संदेह पैदा करता है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर उस कार्यक्रम का एक वीडियो साझा किया, जिसमें मुख्यमंत्री अपने आवास से डिजिटल रूप से शामिल हुए थे।

तेजस्वी यादव ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “क्या मुख्यमंत्री की इस मानसिक स्थिति के लिए उनके सहयोगी जिम्मेदार हैं, जो भाजपा के इशारे पर उनके खाने में कुछ मिला रहे हैं?” तेजस्वी ने बाद में संवाददाताओं से कहा, “काफी समय से मुख्यमंत्री का व्यवहार असामान्य दिखाई दे रहा है। उन्होंने मेरी मां राबड़ी देवी, जो खुद एक पूर्व मुख्यमंत्री हैं, के अलावा आम तौर पर महिलाओं के बारे में भी अनुचित टिप्पणी की है। एक बार तो वह राष्ट्रगान के दौरान कैमरे में अनुचित हरकतें करते पकड़े गए थे।”

राजद नेता ने कहा, “कल हमने उनके असामान्य व्यवहार का एक और उदाहरण देखा।” उन्होंने उस वीडियो का जिक्र किया जिसमें नीतीश कुमार अपने कंप्यूटर स्क्रीन की ओर हाथ जोड़े दिखे, जबकि उस समय उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी अपना भाषण पढ़ रहे थे। तेजस्वी ने आरोप लगाया, “स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री अब सरकार चलाने की स्थिति में नहीं हैं। एक ‘सिंडिकेट’ सरकार चला रहा है और जल्द ही यह बेनकाब होगा।”

मुख्यमंत्री के खिलाफ नेता विपक्ष की इस टिप्पणी पर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने कहा, “नीतीश कुमार वही नेता हैं जिन्होंने बिहार की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सेहत को बहाल किया। तेजस्वी यादव को अपने पिता और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए, जो वास्तव में बीमार हैं।”

तेजस्वी से पटना में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के संवाददाता सम्मेलन पर भी सवाल किया गया, जिसमें राय ने आरोप लगाया था कि लालू प्रसाद और बाद में राबड़ी देवी के शासनकाल के 15 वर्षों में बिहार में ‘‘जंगलराज, भ्रष्टाचार और अपराध’’ चरम पर था। इस पर तेजस्वी ने कहा, “भाजपा पिछले 20 वर्षों से राज्य की सत्ता में साझेदार रही है। उसने कुछ भी हासिल नहीं किया है और न ही भविष्य के लिए कोई दृष्टि है, इसलिए वह अपने विरोधियों को बदनाम करने में लगी है।”

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article