पटना

बिहार में अपराधी बेखौफ! पूर्वी चंपारण में जिला परिषद सदस्य को गोलियों से भूना, आरोपी फरार

East Champaran News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े जिला परिषद सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : BCCL

East Champaran News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को अज्ञात अपराधियों ने जिला परिषद के सदस्य और चांदमारी सोसायटी कॉम्प्लेक्स के सचिव सुरेश यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। मृतक सिसवा पूर्वी के पैक्स अध्यक्ष भी बताए जाते हैं।

गोलीमार कर बदमाश फरार

पुलिस के अनुसार, बंजरिया थाना के सिसवा गोकुला निवासी सुरेश यादव नगर थाना इलाके के चांदमारी चौक के पास किसी काम से गए थे। वह वापस अपनी कार में बैठने जा रहे थे तभी अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और फरार हो गए। स्थानीय लोग जख्मी अवस्था में सुरेश यादव को एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

बताया जा रहा है कि एक बुलेट पर सवार होकर तीन अपराधी आए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की।

परिजनों का बुरा हाल

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस छानबीन कर रही है और अपराधियों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद परिवार और समर्थकों ने चुप्पी साध ली है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतक सुरेश यादव के स्थानीय भाजपा नेताओं से भी अच्छे संबंध थे।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा... और देखें

End of Article