Cyber Fraud in Bihar: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत साइबर ठगों ने एक नया फर्जीवाड़ा शुरू कर दिया है। ठग लोगों को भ्रमित कर रहे हैं कि लिंक पर क्लिक करने से ही मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिलेगा। साइबर ठगों के इस झांसे में आकर लोग ठगी का शिकार बन रहे हैं। खास बात यह है कि बिहार और झारखंड साइबर अपराध के बड़े केंद्र बनते जा रहे हैं, जबकि हरियाणा भी इस सूची में शामिल हो गया है।
साइबर ठग बिजली उपभोक्ता के पास एक लिंक भेजकर दावा कर रहे हैं कि अगर वे लिंक पर क्लिक नहीं करते हैं, तो उन्हें लाभ मुफ्त बिजली योजना का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसा डर दिखाकर उनके बैंक खातों की जानकारी चुराई जा रही है। बिजली वितरण कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली का लाभ स्वचालित रूप से मिलेगा, और किसी लिंक पर क्लिक करने की जरूरत नहीं है।
सीएम नीतीश ने 17 जुलाई को की थी घोषणा
मुख्यमंत्री ने 17 जुलाई को घोषणा की थी कि 1 अगस्त 2025 से सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी, जिससे 1.67 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सरकार ने 10,000 मेगावाट सोलर बिजली उत्पादन का लक्ष्य भी तय किया है।
