पटना

Corona Update: बिहार में कोरोना में पकड़ी रफ्तार, दो दिन में 100 का आंकड़ा पार, इस जिले के लोग रहें सावधान!

Coronavirus Update: कोरोना वायरस का खतरा एक बार फिर बढ़ता जा रहा है। पटना समेत कई शहरों में नए संक्रमित मामले सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई है।

Image

बिहार में कोरोना वायरस

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Coronavirus Update: बिहार की राजधानी पटना समेत कई जिलों में कोरोना वायरस ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के माथे पर चिंता की लकीरें झलक रही हैं। केवल मंगलवार को 51 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए। वहीं, बुधवार को भी 20 नए केस दर्ज किए गए। इस लिहाज से एक सप्ताह के भीतर कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या 100 के पार पहुंच गई। गौर करें तो सप्ताह भर में किसी दिन 15 तो किसी दिन 9 मरीज संक्रमण की चपेट में आए हैं। तो आइये जानते हैं कि कौन से जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

इन क्षेत्रों में बढ़ा कोरोना का खतरा

बिहार में सिर्फ पटना ही नहीं गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में भी कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सिविल सर्जन ऑफिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सबसे अधिक कोरोना के मरीज पालीगंज. दुल्हिनबाजार, दनियावां से सामने आए हैं। इसी प्रकार अथमलगोला, मोकामा, फतुहा, बाढ़, घोसवरी, दरियापुर, दौलतपुर, लहरियाटोला, संबलपुर में कोविड संक्रमित मरीज मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, मौसम में बदलाव के कारण कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं। इनमें सर्दी, जुकाम और बुखार समेत एलर्जी की शिकायत देखी जा रही है। यही कारण है कि कोरोना की रफ्तार तेज गति से बढ़ रही है।

कोविड की जद में ग्रामीण क्षेत्र

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार कोरोना शहरी नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में फैल रहा है। पिछले पांच दिनों में मिले कुल पॉजिटिव मरीजों में से 75 फीसदी मरीज ग्रामीण इलाके से हैं। सबसे ज्यादा शहरी क्षेत्र में पटना प्रभावित है। फिलहाल, कोरोना उन्हीं लोगों पर अटैक कर रहा है, जिन्होंने बूस्टर डोज नहीं लिया है। खासकर, बुजुर्ग लोग इससे ज्यादा प्रभावित हैं।

सर्दी को अभी न करें इग्नोर

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4980 वैक्सीनेशन डोज गर्दनीबाग अस्पताल में उपलब्ध हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बदलता मौसम कोविड का कारण बन रहा है। लिहाजा, सभी लोग सर्दी को अभी इग्नोर न करें। बदलते मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। हालांकि, यह कोविड इंफेक्शन माइल्ड है। ज्यादातर मरीज घर में ही ठीक हो रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article