बिहार के गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में एक छह साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना रविवार रात को उस समय हुई जब बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी और उसके माता-पिता घर के अंदर थे। जानकारी के मुताबिक गांव के दो नाबालिग लड़कों ने बच्ची को डरा-धमकाकर गांव के पुराने स्कूल भवन के पास ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर अन्य बच्चों ने परिजनों को सूचित किया। जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तो बच्ची लहूलुहान अवस्था में थी और आरोपी फरार हो चुके थे।
बच्ची को तुरंत बांकेबाजार के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लुटुआ थानाध्यक्ष पप्पू कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही सक्रियता दिखाई और पीड़िता के परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। आगे की कार्रवाई महिला थाना, गया द्वारा की जा रही है।
