Bihar Weather Today: बिहार के लोगों का उमस भरी गर्मी से हाल बेहाल हो गया है। बढ़ती गर्मी और तापमान के बीच बिहार के लोग लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन बारिश है कि बरसने का नाम ही नहीं ले रही है। मौसम विभाग द्वारा कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अलर्ट जारी किया गया। लेकिन बारिश हो नहीं रही। कुछ जिलों में बारिश की बौछार या छिटपुट बारिश दर्ज की गई। लेकिन इससे राहत मिलने की बजाए उमस और बढ़ गई। दिन प्रतिदिन बढ़ती उमस से बेहाल लोगों को अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि बिहार में अगस्त महीने की शुरुआत होते ही मानसून एक्टिव हो गया है। इससे कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बता दें कि एक अगस्त को पटना समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। बारिश से कई लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। बारिश से न केवल आम जनता के बल्कि किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। धान की रोपनी के लिए बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने राहत की सांस ली है।
करीब 19-20 दिन से मानसून की बेरुखी झेलने के बाद अब लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद है। लंबे समय से धीमी पड़ी मानसून की चाल ने आखिरकार अब रफ्तार पकड़ ही ली। बिहार में मानसूनी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने आने वाले 5 दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है। आइए आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
बिहार में बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने कई स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बिहार, उत्तर-मध्य बिहार, दक्षिण पश्चिम बिहार, दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। वहीं उत्तर-पूर्वी बिहार और दक्षिण-पूर्वी बिहार के अधिकतर स्थानों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने किशनगंज, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, मधेपुरा, अररिया, मुंगेर, जमुई, बांका, खगड़िया, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, सहरसा, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है।
बता दें कि बिहार में मानसून में 35 फीसदी बारिश कम हुई है। पिछली बार एक्टिव हुए मानसून में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन बारिश हुई नहीं। मौसम विभाग की मानें तो इस बार 5 दिन तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। उसके बाद रिमझिम-रिमझिम बारिश की संभावना जताई गई है। इस बीच बिहार के अधिकतर जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली से 20 लोगों की मौत हो गई है।
